कोरोना से स्वस्थ हुए दो लोग डेढ़ माह बाद फिर से संक्रमित
कोरोना से स्वस्थ होकर घर पहुंचे दो मरीज फिर से इसकी चपेट में आ गए हैं।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :
कोरोना से स्वस्थ होकर घर पहुंचे दो मरीज फिर से इसकी चपेट में आ गए हैं। इन दोनों का इलाज ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में हुआ था। करीब डेढ़ महीने पहले दोनों स्वस्थ होकर अपने घर चले गए थे। हाल ही में दोनों ने अपनी जांच कराई, इसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। अस्पताल के कोविड मामलों के नोडल अधिकारी डॉ. अजीत जैन ने इसकी पुष्टि की है। उनका कहना है कि दोनों मरीजों ने इसकी सूचना अस्पताल को दी है। हालांकि, दोनों फिर से कैसे संक्रमित हुए हैं। फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।
डॉ. अजीत जैन ने बताया कि दोनों मरीजों ने इसकी जानकारी अस्पताल को दी है। इनमें एक मरीज में कोई लक्षण नहीं हैं। जबकि, दूसरे मरीज को बुखार आया है। फिर से संक्रमित कैसे हुए, इसकी जांच अस्पताल की टीम कर रही है। डॉ. अजीत जैन के मुताबिक सैंपल में गड़बड़ी की वजह से भी ऐसा संभव है। इससे पहले चीन में एक ऐसा मामला सामने आया था जिसमें एंटीबॉडी विकसित होने के बावजूद मरीज दोबारा पॉजिटिव हो गया था। उन्होंने कहा कि कई मामलों में थूक व बलगम में 39 दिनों तक वायरस जीवित रह सकता है। ऐसे में जब तक कारण स्पष्ट न हो, इस पर कुछ भी कहना मुश्किल है। लेकिन फिर से संक्रमित होना चिता का विषय है। फिलहाल दोनों मरीज अपने घर में क्वारंटाइन हैं। उनका इलाज चल रहा है।