छेड़छाड़ विवाद में हुई हत्या के मामले में दो और गिरफ्तार
बुराड़ी थाना क्षेत्र में बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता की पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान मुख्य आरोपित वकुल और उसके चाचा दीपक और वकुल के भाई संजय और विजय के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। उधर पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराकर मृतक कुलदीप कत्याल का शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं पुलिस की निगरानी में शव का अंतिम संस्कार भी करा दिया गया।
जागरण संवादाता, नई दिल्ली : बुराड़ी थाना क्षेत्र छेड़छाड़ को लेकर हुए विवाद के बाद पीड़िता के पिता की हत्या करने के मामले में दो और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। मुख्य आरोपित बकुल व उसके चाचा दीपक को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। उधर शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की निगरानी में शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पीड़ित के संतनगर स्थित घर व आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है।
संतनगर निवासी माला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि बुधवार की रात साढ़े ग्यारह बजे कृष्णा जन्माष्टमी पर जब वह मंदिर से घर लौटीं तो उनका कुत्ता भौंकने लगा। आरोप है कि इसी बीच पहुंचे मोहल्ले के ही बकुल ने उनके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसे लेकर हुए विवाद के बाद बकुल व उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने बैट व लाठी-डंडे से हमला कर उनके पिता कुलदीप कात्याल व भाई शंभू को बुरी तरह जख्मी कर दिया। वहीं उनके पति अशोक को भी बुरी तरह पीटा था। उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को उनके पिता की हो गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपित बकुल व उसके चाचा दीपक को बृहस्पतिवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि उसके भाई संजय और विजय को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए चारों आरोपितों से पूछताछ कर पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश में दबिशें दे रही है।