दिल्ली के 2 रेलवे स्टेशनों पर शुरू हुआ डिजिटल लॉकर, OTP के बिना नहीं खुलेगा; जानें किराया और तरीका
दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए स्मार्ट क्लाॅक रूम (डिजिटल लॉकर) सुविधा शुरू की गई है। यह ...और पढ़ें

हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध डिजिटल लाॅकर। जागरण
HighLights
दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू।
ओटीपी आधारित संचालन से सामान की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
विभिन्न आकार के लॉकर 24 घंटे उपलब्ध, डिजिटल भुगतान संभव।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली के बड़े रेलवे स्टेशनों पर यात्री अब अपना सामान सुरक्षित रखकर शहर में कहीं भी घूम सकते हैं। इसके लिए नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पर स्मार्ट क्लाॅक रूम (डिजिटल लाॅकर) की सुविधा शुरू की गई है। अगले कुछ दिनों में पुरानी दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल पर भी यह सुविधा शुरू हो जाएगी।
बिना ओटीपी नहीं खुलेगा लॉकर
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को सामान रखने के लिए क्लाॅक रूम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, लेकिन उसमें से अलग से लाॅकर नहीं मिलता है। इससे कई लोग अपना सामान रखने से परहेज करते हैं। अब इस तरह की समस्या नहीं होगी।
रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लाॅकर में सामान रखकर आराम से कहीं भी जा सकते हैं। यह ओटीपी आधारित संचालित होता है। यानी आपके मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी दर्ज करने पर ही यह लाॅकर खुलेगा या बंद होगा। इससे इसमें सामान बिल्कुल सुरक्षित रहता है।
क्या है डिजिटल लॉकर की खूबियां?
- यात्री अपनी आवश्यकता के अनुसार मिनी, स्माॅल, मीडियम, लार्ज और एक्स्ट्रा लार्ज आकार के लाॅकर घंटे के हिसाब से ले सकते हैं। उसी के अनुसार उसका किराया देना होगा।
- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लगेज लाॅकर सुविधा प्लेटफार्म नंबर 16 के पास, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के नीचे मेन हाॅल में उपलब्ध है।
- हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर, यह सुविधा मुख्य प्रवेश द्वार के पास, सीढ़ियों के बगल में स्थित है। दोनों स्टेशनों पर यात्रियों के लिए यह सुविधा 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहेगी।
आकार और समय के अनुरूप बनेगा बिल
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय का कहना है कि डिजिटल लाॅकर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है। गूगल, पेटीएम, फोनपे व अन्य डिजिटल माध्यम से इसका शुल्क भुगतान कर सकते हैं। लाॅकर के पैनल पर विवरण दर्ज करने के बाद आकार व समय के अनुसार किराया प्रदर्शित होता है, जिसका भुगतान करना होगा।

डिजिटल लाॅकर का उपयोग कैसे करें?
- सामान जमा करने के लिए : डिजिटल लाॅकर के पैनल पर मोबाइल नंबर दर्ज करें → मोबाइल पर आने वाला ओटीपी सत्यापित करें → लाॅकर का आकार और समयावधि चुनें → डिजिटल भुगतान करें → सामान रखें और लाॅकर बंद करें।
- सामान वापस निकालने के लिए : डिजिटल लाॅकर के पैन पर वही मोबाइल नंबर दर्ज करें → ओटीपी सत्यापित करें → रिलीज पर क्लिक करें → सामान निकालें और लाॅकर बंद करें।
यह भी पढ़ें- 2600 सीट वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन में रोजाना मात्र 80 यात्री कर रहे सफर, क्या रूट बदलने से बढ़ेंगे पैसेंजर्स?
