विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तुगलकाबाद अग्निकांड: बारूद के ढेर पर 25 परिवार, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

By Rais Rais Edited By: Sonu Suman
Published: Sat, 13 Jun 2026 11:00 PM (IST)

तुगलकाबाद एक्सटेंशन में आग पार्किंग तक सीमित रही, लेकिन पास के बेसमेंट में ज्वलनशील सामग्री के गोदामों पर खतरा मंडरा रहा है। नियमों का उल्लंघन कर बनी इमारतों में 25 परिवार बारूद के ढेर पर रह रहे हैं, जिनकी शिकायतों पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

दुर्घटना वाले मकान के साथ ही इन चारों इमारतों में कुल 25 परिवार रहते हैं।

दुर्घटना वाले मकान के साथ ही इन चारों इमारतों में कुल 25 परिवार रहते हैं।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। तुगलकाबाद एक्सटेंशन के गली नंबर एक स्थित मकान नंबर आरजेड 171/1 में लगी आग पार्किंग एरिया तक ही सीमित थी। ऊपर के तल तक केवल धुआं गया था। गेट के बगल में बने प्लास्टिक, गत्ते व थर्माकोल सामग्री के गोदाम तक आग पहुंचती तो इसका दायरा और भी बड़ा एवं मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता था।

हैरानी की बात तो ये है कि नियमों को ताख पर रखकर इस इमारत में बेसमेंट भी बना हुआ है, जिसका रास्ता गोदाम से होकर ही नीचे की ओर जाता है। यह इकलौता बेसमेंट भी नहीं है, बल्कि पास के मकान नंबर आरजेड 170/1, आरजेड 54/1 व आरजेड 55/1 में भी बेसमेंट में इन्हीं सामग्रियों के गोदाम हैं।

ये सभी गोदाम एक ही व्यक्ति के बताए जा रहे हैं। हादसों का आशंका को लेकर समय-समय पर इसकी शिकायत भी की गई, पर कार्रवाई आज तक नहीं हो पाई। मामले में वर्ष 2024 में गोविंदपुरी थाने में एफआइआर तक दर्ज कराई गई। उसका भी पुलिस ने संज्ञान नहीं लिया, उल्टे शिकायतकर्ता को ही धमकाया गया।

दुर्घटना वाले मकान के साथ ही इन चारों इमारतों में कुल 25 परिवार रहते हैं। बेसमेंट में ज्वलनशील सामग्री इनके लिए बारूद साबित हो सकती है और कभी भी बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्कूटर से आग लगने के कयासों को लोगों ने नकारा

स्थानीय लोगों के मुताबिक यदि आग बेसमेंट तक पहुंच जाती तो हालात और भयावह हो सकते थे। जनहानि का आंकड़ा कहीं अधिक होता। आग के दौरान बेसमेंट तक लपटें नहीं पहुंचने को लोग बड़ी राहत मान रहे हैं। वहीं हादसे के बाद इलेक्ट्रिक स्कूटर से आग लगने के कयासों को इमारत में रहने वाले कई लोगों ने नकार दिया।

निवासियों का कहना है कि पार्किंग में करीब नौ गाड़ियों के खड़े होने की जगह थी और किसी भी निवासी के पास इलेक्ट्रिक स्कूटर नहीं था। सभी लोग पेट्रोल से चलने वाली बाइक या स्कूटी का इस्तेमाल करते थे। आगे की तरफ पहली मंजिल के निवासी जबीउल्लाह ने बताया कि उनकी बाइक भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई।

वर्ष 2024 में तैयार हुई थी छह मंजिला इमारत

जिस इमारत में आग लगने की घटना हुई, वह महज दो वर्ष पहले ही तैयार हुई थी। नियमों के विपरीत बेसमेंट, भूतल के अलावा पांच मंजिल बना था। वेंटिलेशन न के बराबर और निकासी व प्रवेश के लिए केवल एक ही रास्ता।स्थानीय लोगों और इमारत से जुड़े लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद अब निर्माण और बेसमेंट में रखे सामान को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

बिल्डर संजय ने बताया कि यह संपत्ति पहले फरीदाबाद सेक्टर 21 के रहने वाले सुभाष नामक व्यक्ति ने वर्ष 2022 में इसे खरीदा। एक वर्ष बाद ही इसे तुगलकाबाद के ही रहने वाले बिल्डर एसके गुप्ता को बेच दिया। तब इस पर लगभग ढाई मंजिला इमारत खड़ी थी। पुराना ढांचा जर्जर होने के चलते एसके गुप्ता ने उसे तुड़वाकर नए सिरे से निर्माण कराया। वर्ष 2024 में नई इमारत तैयार हुई। जिसके बाद इसे अलग-अलग फ्लैट बनाकर बेच दिया गया।

दो भाग में बनी छह मंजिला इमारत में रहते हैं नौ परिवार

  • मंजिल सामने की ओर पीछे की ओर
  • बेसमेंट गोदाम गोदाम
  • भूतल गोदाम व पार्किंग कपड़ों की दुकान का हिस्सा
  • पहली जब़ीउल्लाह कपड़ों की दुकान का हिस्सा
  • दूसरी प्रकाश मंडल रामनाथ
  • तीसरी डा. सूरज शबाना
  • चौथी मोहन प्रसाद मृतक पंकज
  • पांचवीं दीपक राधे श्याम

यह भी पढ़ें- इलेक्ट्रिसिटी बिल संसद में पेश होते ही हड़ताल करेंगे यूपी के बिजलीकर्मी, फेडरेशन ने संघीय ढांचे के लिए बताया खतरा 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।