विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्रिपुरा के युवक से नस्लीय दुर्व्यवहार करने वाला कंटेंट क्रिएटर गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने लिया एक्शन

Published: Thu, 22 Oct 2026 10:01 PM (IST)

दिल्ली पुलिस ने त्रिपुरा के युवक से नस्लीय दुर्व्यवहार और अपमानजनक हरकतें करने के आरोप में इंटरनेट मीडिया कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आमिर शौकीन। फोटो: दिल्ली पुलिस एवं वीडियो ग्रैब

दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आमिर शौकीन। फोटो: दिल्ली पुलिस एवं वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. आमिर शौकीन नस्लीय दुर्व्यवहार के आरोप में गिरफ्तार।

  2. दिल्ली पुलिस ने वायरल वीडियो पर स्वतः संज्ञान लिया।

  3. केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्री ने घटना की निंदा की।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। त्रिपुरा के एक युवक के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार और अपमानजनक हरकतें करने के आरोप में दिल्ली के इंटरनेट मीडिया कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को उत्तरी जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दिल्ली पुलिस ने प्रसारित वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर कार्रवाई की। आमिर सदर बाजार इलाके का बदमाश है। यह पहले भी मारपीट के कई मामलों में शामिल रहा है।

दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस यूनिट भी इस वीडियो की जांच कर रही है। इससे पहले दिल्ली पुलिस की पूर्वोत्तर विशेष पुलिस इकाई (स्पूनर) ने आईएफएसओ को पत्र लिखकर वीडियो की जांच करने को कहा था।

वीडियो की केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने की निंदा

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए इस वीडियो की चारों तरफ तीखी आलोचना हुई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कंटेंट क्रिएटर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

विभिन्न दलों के नेताओं ने भी इस घटना की निंदा की है। मंत्री किरेन रिजिजू ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा था कि दिल्ली और त्रिपुरा की पुलिस उसे कड़ा सबक सिखाएगी।

उन्होंने लिखा कि इस बुरे शख्स को सजा मिलेगी। आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने में थोड़ी देर जरूर हुई, लेकिन दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस इसे कड़ा सबक सिखाएंगी।

त्रिपुरा पुलिस लेगी आरोपित की कस्टडी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, त्रिपुरा पुलिस की टीम बृहस्पतिवार रात तक दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। वे सबसे पहले सदर बाजार पुलिस थाने जाकर दिल्ली पुलिस से शौकीन की कस्टडी लेंगे और फिर उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए दिल्ली की अदालत में पेश करेंगे।

शौकीन ने यह विवादित वीडियो करीब एक महीने पहले अहमदाबाद में रिकॉर्ड किया था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस मामले में सात से आठ अन्य आरोपी हैं, जिनकी भूमिका की भी जांच की जाएगी।

स्टूडेंट्स फोरम ने की निष्पक्ष जांच की मांग

त्रिपुरा स्टूडेंट्स फोरम दिल्ली ने बुधवार को स्पूनर के संयुक्त पुलिस आयुक्त को दी गई शिकायत में वीडियो की निष्पक्ष और तत्काल जांच की मांग की थी। फोरम ने आरोप लगाया कि वीडियो में त्रिपुरा के एक व्यक्ति के साथ यौन उत्पीड़न, प्रताड़ना और अपमानजनक व्यवहार किया गया है।

शिकायत में शौकीन के इंस्टाग्राम अकाउंट को इस घटना से जुड़ा हुआ बताया गया है और वीडियो को रिकॉर्ड करने या उसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान सत्यापित करने की मांग की गई है।

फोरम ने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो में राज्य के समुदाय के लोगों को आहत करने वाली नस्लीय टिप्पणियां की गई हैं।

इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग

शिकायत में पुलिस से इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों (जैसे ओरिजिनल रिकॉर्डिंग, मेटाडेटा, अकाउंट डिटेल्स और अपलोड हिस्ट्री) को सुरक्षित रखने और पीड़ित व्यक्ति को आगे किसी भी तरह की धमकी या उत्पीड़न से बचाने के लिए कदम उठाने का अनुरोध किया गया था।

इस मामले में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी राज्य के पुलिस महानिदेशक को इस विषय पर दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया था।

यह भी पढ़ें- त्रिपुरा के युवक के साथ बदसलूकी पर भड़के रिजिजू, कहा- इस दुष्ट को सख्त सजा मिलेगी

यह भी पढ़ें- त्रिपुरा के युवक से नस्लीय दुर्व्यवहार का आरोप, दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन की तलाश में पुलिस