त्रिपुरा के युवक से नस्लीय दुर्व्यवहार का आरोप, दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन की तलाश में पुलिस
दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन पर त्रिपुरा के एक युवक से नस्लीय दुर्व्यवहार का आरोप है, जिसके बाद दिल्ली ...और पढ़ें

नस्लीय दुर्व्यवहार और अपमान के मामले में दिल्ली के सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वीडियो ग्रैब
HighLights
आमिर शौकीन पर त्रिपुरा युवक से नस्लीय दुर्व्यवहार का आरोप।
दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट मामले की जांच कर रही।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने घटना की निंदा की।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। त्रिपुरा के एक युवक के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार और अपमान के मामले में दिल्ली के सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने के बाद दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) यूनिट को इस मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आमिर अपने घर पर नहीं मिला
दिल्ली पुलिस की स्पेशल पुलिस यूनिट फाॅर नाॅर्थ ईस्टर्न रीजन (स्पूनर) ने जांच के लिए आईएफएसओ से अनुरोध किया है। वहीं, त्रिपुरा पुलिस ने भी आमिर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दिल्ली पुलिस की टीम जब बाड़ा हिंदूराव स्थित आमिर के घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आमिर शौकीन, त्रिपुरा के युवक की शारीरिक बनावट और क्षेत्रीय पहचान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक को चीनी बताने और उसके रूप-रंग की तुलना करने जैसी टिप्पणियां किए जाने का आरोप है। वीडियो सामने आने के बाद पूर्वोत्तर के लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी नाराजगी जताई।
स्क्रिप्टेड वीडियो का किया दावा
त्रिपुरा स्टूडेंट्स फोरम दिल्ली ने भी पुलिस से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और इलेकट्रानिक साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग की है। विवाद बढ़ने के बाद आमिर ने इंटरनेट मीडिया पर माफी मांगते हुए दावा किया कि वीडियो स्क्रिप्टेड था और युवक को वह पहले से जानता है। उसने कहा कि उसका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। हालांकि, इस सफाई के बावजूद उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग जारी है।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जताई आपत्ति
इस पूरे मामले को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने घटना की निंदा करते हुए दिल्ली और त्रिपुरा पुलिस से कार्रवाई की बात कही। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी राज्य के पुलिस महानिदेशक को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पुलिस अब प्रसारित वीडियो और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
