विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्रिलोकपुरी में घायल मिली मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला, दुष्कर्म की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

Published: Sat, 13 Jun 2026 04:33 PM (IST)

पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला घायल अवस्था में मिली, जिस पर स्थानीय लोगों ने ...और पढ़ें

त्रिलोकपुरी में घायल अवस्था में मिली मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला।

त्रिलोकपुरी में घायल अवस्था में मिली मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला।

HighLights

  1. त्रिलोकपुरी में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला घायल अवस्था में मिली।

  2. स्थानीय लोगों ने महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई है।

  3. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। त्रिलोकपुरी के 27 ब्लॉक क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ एक महिला के घायल अवस्था में मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 12 जून की सुबह करीब 6:30 बजे पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली थी कि 27 ब्लॉक के पास एक महिला घायल अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही मयूर विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वहां महिला और कॉल करने वाला व्यक्ति नहीं मिला। बाद में पता चला कि एंबुलेंस महिला को अस्पताल लेकर जा चुकी है।

महिला को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया

पुलिस टीम ने तलाश के बाद महिला को जीटीबी अस्पताल में भर्ती पाया। मेडिकल जांच में महिला के साथ मारपीट होने की बात सामने आई है। उसके चेहरे पर सूजन और चोट के निशान पाए गए हैं। स्थानीय पूछताछ में महिला की पहचान क्षेत्र में घूमने वाली मानसिक रूप से अस्वस्थ और बेसहारा महिला के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी फैलने के बाद इलाके के कुछ लोगों ने महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने की आशंका जताई। लोगों का कहना है कि महिला जिस हालत में मिली, उसे देखते हुए मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक उपलब्ध मेडिकल दस्तावेजों में शारीरिक हमला होने का उल्लेख है और दुष्कर्म की पुष्टि संबंधी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

जांच एजेंसियों को मामले की तह तक पहुंचने में कठिनाई

महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह घटना के संबंध में कोई स्पष्ट बयान देने में सक्षम नहीं है। डॉक्टरों के अनुसार वह होश में है, लेकिन मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण घटनाक्रम बताने की स्थिति में नहीं है। इसी वजह से जांच एजेंसियों को मामले की तह तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए क्राइम टीम और एफएसएल टीम को बुलाया। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल आरोपित की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आरोपित की तलाश और घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए कई टीमें गठित की हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला के साथ केवल मारपीट हुई थी या उसके साथ कोई अन्य गंभीर अपराध भी हुआ है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई की ट्रेनों में सीटें फुल, सुल्तानपुर में रात भर काउंटर पर जागने के बाद भी नहीं मिल रहा तत्काल टिकट