दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे तैयारः अब सिर्फ 10 मिनट में होगा निजामुद्दीन से गाजियाबाद का सफर
एनएच नौ के चौड़ीकरण और इस पर मेरठ एक्सप्रेस-वे बनाए जाने से पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में सफर आसान हो गया है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। एनएच नौ के चौड़ीकरण और इस पर मेरठ एक्सप्रेस-वे बनाए जाने से पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में सफर आसान हो गया है। एक्सप्रेस-वे बनने से पहले इस मार्ग पर यूपी गेट से लेकर सराय काले खां तक आठ किलोमीटर की दूरी तक सफर आसान नहीं था। व्यस्त समय में यूपी गेट से जाम लगने का सिलसिला शुरू होता था और सराय काले खां तक जारी रहता था। अब महज 10 मिनट में इस दूरी को पूरा किया जा सकता है।
दिल्ली में 2010 में हुए राष्ट्रमंडल खेलों से ठीक पहले एनएच-नौ को आठ लेन का किया गया था। इस दौरान अक्षरधाम मंदिर के पास फ्लाईओवर और कई फुट ओवरब्रिज बनाए गए थे। उस समय मयूर विहार फेज दो लालबत्ती पर फ्लाईओवर बनाने की योजना थी, जिसे निरस्त कर दिया गया था। एनएच-नौ को आठ लेन किए जाने से लोगों को सुविधा तो हुई, लेकिन व्यस्त समय में जाम लगने का सिलसिला खत्म नहीं हुआ। मयूर विहार फेज दो लालबत्ती पर अक्सर जाम लगता था, अब लाल बत्ती खत्म हो गई है। नए अंडरपास के साथ यू-टर्न के लिए भी दो अंडरपास बनाए गए हैं। इससे मयूर विहार फेज दो के अलावा विनोद नगर, कल्याणपुरी, त्रिलोकपुरी और मयूर विहार फेज तीन व नोएडा से आने वाले वाहन चालकों को परेशानी नहीं होगी।
मदर डेयरी रोड की समस्या भी हुई खत्म
पांडव नगर में मदर डेयरी रोड के पास बने अंडरपास की चौड़ाई बढ़ाई गई है। इससे यहां भी जाम की समस्या खत्म हो गई है। पांडव नगर के पास सड़क की चौड़ाई काफी बढ़ गई है और यहां से नोएडा की ओर जाने के लिए स्लीप रोड बना है।
सराय काले खां की ओर जाने वाले पहले ही मुड़ जाएंगे
एनएच-नौ पर गाजियाबाद व पूर्वी दिल्ली से आने वाले वाहन चालकों का सराय काले खां फ्लाईओवर के पास जमावड़ा लग जाता था। रिंग रोड पर दोनों ओर जाने वाले वाहन एक ही जगह आ जाते थे, जिससे बाएं मुड़ने वाले भी जाम में फंस जाते थे। अब सराय काले खां की ओर से जाने वालों के लिए लाल बत्ती से काफी पहले स्लीप रोड बना दी गई है।
खिचड़ीपुर की समस्या भी हुई खत्म
खिचड़ीपुर अंडरपास के पास भी एनएच-नौ के नीचे जाम की समस्या रहती थी। यहां भी अंडरपास चौड़ा करने के साथ यू-टर्न के लिए भी दो अंडरपास बनाए गए हैं।
गाजीपुर फ्लाईओवर के पास भी नहीं लग रहा जाम
गाजीपुर फ्लाईओवर के नीचे और आसपास सड़क काफी चौड़ी हो गई है। इससे यहां वाहन चालकों की परेशानी खत्म हो गई है।
अक्षरधाम मंदिर रोड की समस्या भी हुई खत्म
एनएच नौ पर जाम लगने का असर लक्ष्मीनगर चुंगी से अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन वाले रोड पर भी पड़ता था, क्योंकि यहां से एनएच-नौ की ओर जाने वाले वाहनों की रफ्तार एकदम धीमी हो जाती थी। लेकिन यहां से बिना जाम में फंसे वाहन निकल रहे हैं। वहीं, सराय काले खां से यूपी गेट तक करीब आठ किलोमीटर लंबे मार्ग में सात अंडरपास बनाए गए हैं। मुख्य अंडरपास मदर डेयरी रोड, मयूर विहार फेज-दो और खिचड़ीपुर में है।