5 ट्रांसफार्मर बने 21 करोड़ के नाले की राह में रोड़ा, दिल्ली में जैन नगर से कंझावला तक अटका नाला निर्माण
जैन नगर-कंझावला मार्ग पर 21 करोड़ की नाला परियोजना ट्रांसफार्मरों के कारण बाधित है। 5 स्थानों पर ट्रांसफार्मरों के चलते ...और पढ़ें

जलभराव और आवागमन में भारी परेशानी
HighLights
21 करोड़ की नाला परियोजना जैन नगर-कंझावला मार्ग पर बाधित
5 स्थानों पर ट्रांसफार्मर निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं
परियोजना 6 महीने और खिंचने की संभावना, जलभराव की समस्या
संजय डबास, बाहरी दिल्ली। जैन नगर से कंझावला तक करीब पांच किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क के साथ 21 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा नाला बिजली के ट्रांसफार्मरों के कारण अटक गया है। इस मार्ग पर पांच स्थानों पर ट्रांसफार्मर नाला निर्माण में बाधा बने हुए हैं।
इनके कारण परियोजना का काम निर्धारित समय में पूरा होना मुश्किल है और निर्माण करीब छह माह और खिंचने की संभावना है।
नाले का निर्माण अधूरा
राधास्वामी सत्संग, सर्वोदय कन्या विद्यालय कराला के गेट पर, सुखबीर नगर, स्वास्थ्य केंद्र और पीएनबी बैंक के पास ट्रांसफार्मर लगे होने के कारण नाले का निर्माण अधूरा है। ट्रांसफार्मर के दोनों ओर नाले का काम लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन इनके नीचे का हिस्सा अभी बनाया जाना बाकी है।
ट्रांसफार्मरों को दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने के बाद ही इन स्थानों पर नाला पूरा हो सकेगा। कुछ जगह ट्रांसफार्मर के नीचे से पाइप डालकर काम आगे बढ़ाया गया है, लेकिन पांच स्थानों पर अभी भी बाधा बनी हुई है।
करीब 5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से कराला, मजरी, रामा विहार, शिव विहार और आनंदपुर धाम समेत आसपास के गांवों व अन्य कालोनियों के हजारों लोग आवागमन करते हैं। सुबह-शाम करीब 10 हजार वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। नाला निर्माण अधूरा होने के कारण कई जगह सड़क पर गंदा पानी जमा हो रहा है।
जलभराव से सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला पूरा होने से जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
'नाला निर्माण में देरी से सड़क पर गंदा पानी जमा हो रहा है। ट्रांसफार्मरों की बाधा जल्द दूर कर काम पूरा किया जाना चाहिए।'
- युगल, कंझावला एक्सटेंशन
'मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन चलते हैं। अधूरे नाले के कारण राहगीरों को परेशानी हो रही है, इसलिए निर्माण जल्द पूरा होना चाहिए।'
- तुसिर, जैन नगर
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के लोनी में नाला निर्माण के दौरान दीवार गिरी, एक कामगार की मौत; दूसरा घायल
