गतिमान एक्सप्रेस: फूल देकर यात्रियों का स्वागत करेंगीं ट्रेन होस्टेस
देश की सबसे तेज रफ्तार ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस के यात्रियों को उनकी सीटों पर ट्रेन होस्टेस की सेवाएं और गुलाब के फूल दिए जाएंगे।
नई दिल्ली। देश की सबसे तेज रफ्तार ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस के यात्रियों को न केवल उनकी सीटों पर ट्रेन होस्टेस की सेवाएं और गुलाब के फूल दिये जाएंगे, बल्कि उन्हें फिल्मों, समाचार और कार्टून जैसी मल्टीमीडिया सामग्री की भी निशुल्क सेवा मिलेगी।
देश की सबसे तेज ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस में कई तरह की सुविधाओं ने इसे विशेष बना दिया है। खासकर ट्रेन होस्टेस की सुविधा पहली बार किसी भारतीय ट्रेन में दी गई है। इसके अलावा, इस ट्रेन में कई आधुनिक सुविधाएं भी मुहैया कराई गई हैं, जो अब तक किसी भी भारतीय ट्रेन में नहीं थीं।
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, देश की पहली सेमी-हाईस्पीड ट्रेन में यात्रियों को सर्वश्रेष्ठ सेवा प्रदान की जाएगी। यात्रियों को जहां गुणवत्तापरक खानपान कई विकल्पों के साथ परोसा जाएगा, वहीं उन्हें उनकी सीटों पर ही मल्टीमीडिया मनोरंजन की मुफ्त सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
ट्रेन के डिब्बों में हॉटस्पॉट उपकरण
ट्रेन के डिब्बों में हॉटस्पॉट उपकरण लगाए गए हैं, जिससे यात्री अपने स्मार्टफोन, टैबलेट या लैपटॉप पर सीधे इन सुविधाओं का निशुल्क लाभ उठा पाएंगे।
निशुल्क डाउनलोड कर पाएंगे एप
एक अधिकारी ने बताया कि यात्रियों को एप डाउनलोड करना होगा और वे निशुल्क सेवा का लाभ उठा सकते हैं। इस दौरान उन्हें सीमित अवधि के विज्ञापन भी दिखाए जाएंगे।
रेलवे का होगा लाभ
यात्रियों के लिए मल्टीमीडिया मनोरंजन की सुविधा का लाभ रेलवे को भी मिलेगा और सेवा प्रदाता विज्ञापन दिखाने के लिए करीब 7.5 लाख रुपये देंगे।
खाने की होगी सुविधा
गतिमान एक्सप्रेस का किराया शताब्दी एक्सप्रेस से 25 फीसद अधिक होने से खानपान की सेवाएं भी बेहतर होंगी। इसमें यात्रियों को उपमा, मिनी दोसा, कांजीवरम इडली, ताजे कटे हुए फल, आलू कुलचा, स्विस रोल, भुने हुए सूखे मेवे और चिकन रोल दिये जाएंगे।
शुक्रवार को नहीं चलेगी
12050 निजामुद्दीन-आगरा-निजामुद्दीन गतिमान एक्सप्रेस दोनों ओर से सप्ताह में छह दिन चलेगी और केवल शुक्रवार को नहीं चलेगी।
निजामुद्दीन से यह सुबह 8:10 बजे रवाना होगी और 9:50 बजे आगरा पहुंचेगी। लौटते समय यह आगरा से शाम 5:50 बजे चलेगी और 7:30 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी।
खाने का पैकेज
आईआरसीटीसी ने पर्यटन के लिहाज से ट्रेन के साथ बस सेवा, दर्शनीय स्थलों को दिखाने और भोजन की सुविधा के साथ पैकेज भी तय किया है।
किराया ज्यादा तो सुविधा भी मिलेगी बेहतर
इसमें कोई शक नहीं कि गतिमान एक्सप्रेस का किराया ज्यादा है, तो सुविधाएं भी बेहतर मिलेंगी। ट्रेन में दो एक्जिक्यूटिव वातानुकूलित चेयर कार और आठ सामान्य एसी चेयर कार होंगी। इसका किराया 690 रुपये तय किया गया है। एक्जिक्यूटिव श्रेणी के लिए यह किराया 1365 रुपये होगा।
गौरतलब है कि रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने आज सुबह 10 बजे हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से देश की सबसे तेज ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस (12049/12050) को रवाना किया।
उद्घाटन रन में यह ट्रेन 11.40 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी। आगरा कैंट से वापसी में इसका नियमित परिचालन शुरू हो जाएगा और यह अपने निर्धारित समय शाम 5.50 बजे वहां से चलेगी और शाम साढ़े सात बजे हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।