आज दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट! राजघाट और विजय घाट के आसपास रास्ते बंद, निकलने से पहले देखें डायवर्जन
गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती समारोहों के कारण दिल्ली में यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी।

आज राजघाट, विजय घाट के आसपास छह घंटे यातायात रहेगा प्रभावित।
HighLights
गांधी जयंती और शास्त्री जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित।
राजघाट और विजय घाट पर समारोह, दिल्ली में यातायात प्रभावित।
सुबह 5 से 11 बजे तक कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर आज यानी शुक्रवार को राजघाट और विजय घाट पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति, आमंत्रित अतिथि और आम लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था की है। सुरक्षा और यातायात संचालन के मद्देनजर शुक्रवार सुबह पांच बजे से 11 बजे तक जरूरत के अनुसार कई मार्गों पर यातायात को नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, आइटीओ चौक, दिल्ली गेट, गुरु नानक चौक, शांतिवन चौक, राजघाट डीटीसी डिपो, आइपी फ्लाईओवर, सलीमगढ़ वाई-प्वाइंट, सलीमगढ़ बाईपास कट, राजा राम कोहली मार्ग पर आइएसबीटी कश्मीरी गेट की ओर जाने वाले लूप, सलीमगढ़ फ्लाईओवर के नीचे, सुभाष मार्ग टी-प्वाइंट और निषाद राज मार्ग स्थित सुनहरी मस्जिद कट पर आवश्यकता के अनुसार यातायात को रेगुलेट या डायवर्ट किया जाएगा।
इस दौरान रिंग रोड पर राजघाट से सलीमगढ़ वाई-प्वाइंट और आइएसबीटी कश्मीरी गेट की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा निषाद राज मार्ग, राजा राम कोहली मार्ग, बहादुरशह जफर मार्ग, शांतिवन चौक से आइपी फ्लाईओवर, आसफ अली रोड, गुरु नानक चौक से रंजीत सिंह फ्लाईओवर और राजघाट डीटीसी डिपो से रिंग रोड बाईपास तक यातायात पर असर पड़ने की संभावना है।
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें और प्रभावित मार्गों से यथासंभव बचें। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने, सड़क किनारे वाहन खड़ा नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
