दिल्ली में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन आज, प्रशासन ने नहीं दी अनुमति; जंतर मंतर के रास्तों पर 5000 जवान तैनात
दिल्ली पुलिस ने वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों को लेकर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है।

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन की अनुमति नहीं, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ाई।
HighLights
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया
वोटर लिस्ट गड़बड़ी पर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन
सेंट्रल दिल्ली में 5000 जवान तैनात, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन यानी SIR में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की इजाजत देने से मना कर दिया है। साथ ही पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा भी कड़ी कर दी है।
इतना ही नहीं, पुलिस का कहना है कि बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है और इसी वजह से पुलिस ने विदेश मंत्रालय से अतिरिक्त फोर्स की मांग की है।
5000 हजार जवानों को किया गया तैनात
जंतर-मंतर पर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यह विरोध प्रदर्शन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन यानी AISA, राज्यसभा सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण ने बुलाया है। वोटर लिस्ट और चुनाव कराने के तरीके में गड़बड़ियों के आरोपों के चलते मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि नई दिल्ली इलाके में जिला और रिजर्व फोर्स, रैपिड एक्शन फोर्स और अन्य पैरामिलिट्री यूनिट्स के लगभग 5,000 जवानों को तैनात किया गया है।
जंतर-मंतर के रास्तों पर कई लेयर वाली बैरिकेडिंग
जंतर-मंतर जाने वाले रास्तों पर कई लेयर वाली बैरिकेडिंग भी की गई है। वहीं, जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन वाली जगह, टॉल्स्टॉय मार्ग और केरल भवन को दोनों तरफ से ब्लॉक कर दिया गया है और अशोक रोड के पास भी बैरिकेडिंग की गई है।
प्रदर्शन स्थल तक जाने वाली सड़कों पर पुलिस की गाड़ियां तैनात रहेंगी। CCTV कैमरों की फीड की निगरानी नई दिल्ली के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस के ऑफिस से की जाएगी।
