10 दिसंबर को विदेश जाना चाहती हैं टीना अंबानी, क्या रास्ते का रोड़ा बनेगा 'लुक-आउट सर्कुलर'? HC पहुंचा मामला
दिल्ली हाई कोर्ट ने टीना अंबानी की याचिका पर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन, प्रवर्तन निदेशालय और एसएफआइओ से जवाब मांगा है। ...और पढ़ें

टीना अंबानी ने खटखटाया दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा। फाइल फोटो
HighLights
टीना अंबानी ने एलओसी खुलासे के लिए हाई कोर्ट का रुख किया।
वह 10 दिसंबर को विदेश यात्रा पर जाना चाहती हैं।
ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन, ईडी, एसएफआइओ से जवाब मांगा गया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन, प्रवर्तन निदेशालय और गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआइओ) से टीना अंबानी की याचिका पर जवाब मांगा है।
रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी ने अपने खिलाफ किसी भी लुक-आउट सर्कुलर (एलओसी) के खुलासे की मांग की है।
'अधिकारियों को करनी चाहिए बात साफ'
टीना अंबानी के वकील ने कहा कि इस समय ईडी या एसएफआइओ की ओर से उनके खिलाफ कोई लंबित समन नहीं है और वह 10 दिसंबर को विदेश यात्रा करना चाहती हैं, इसलिए अधिकारियों को बताना चाहिए कि क्या उनके नाम पर कोई एलओसी जारी है।
कोर्ट ने याचिका पर नोटिस जारी कर अगली सुनवाई आठ दिसंबर को तय की। टीना अंबानी ने बताया कि वह अपनी बहन, परिवार और दोस्तों से मिलने के लिए थाईलैंड, यूएई, ओमान और भूटान जाना चाहती हैं।