विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में टिल्लू ताजपुरिया का खास गुर्गा गिरफ्तार, अलीपुर में की थी ताबड़तोड़ फायरिंग; जेल में हुई गैंगस्टर

Published: Wed, 01 Jul 2026 11:52 AM (GMT+05:30)

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अलीपुर में जमीन कब्जाने के दौरान हुई फायरिंग मामले में कुख्यात टिल्लू ताजपुरिया के ...और पढ़ें

क्राइम ब्रांच ने अलीपुर में जमीन कब्जाने के दौरान हुई 12 राउंड फायरिंग मामले में की गिरफ्तारी।

क्राइम ब्रांच ने अलीपुर में जमीन कब्जाने के दौरान हुई 12 राउंड फायरिंग मामले में की गिरफ्तारी।

HighLights

  1. टिल्लू ताजपुरिया का करीबी दागू महाराज गिरफ्तार।

  2. अलीपुर फायरिंग और जमीन कब्जाने का मामला।

  3. सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और कार बरामद।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में संगठित अपराध और गैंगस्टर के खिलाफ दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अलीपुर में जमीन कब्जाने के दौरान हुई 12 राउंड फायरिंग मामले में कुख्यात टिल्लू ताजपुरिया के करीबी गुर्गे संदीप उर्फ दागू महाराज और उसके एक साथी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, आठ कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की स्कॉर्पियो-एन कार बरामद की है।

हथियारबंद बदमाशों ने किया था हमला

30 अक्टूबर 2025 को रामजनपुर गांव में एक विवादित प्लॉट पर कब्जा करने के इरादे से करीब 40 से 45 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला था। इलाके में दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने अंधाधुंध 12 राउंड हवाई फायरिंग की, ताले तोड़े और वहां मौजूद लोगों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस संबंध में अलीपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को दबोचा

क्राइम ब्रांच के एसीपी गिरीश कौशिक और इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह की टीम को सूचना मिली कि अलीपुर फायरिंग मामले का वांटेड संदीप उर्फ दागू महाराज अपने साथी के साथ काले रंग की स्कॉर्पियो कार से नरेला इलाके में आने वाला है। पुलिस टीम ने नरेला यूईआर-दो रोड और अलीपुर-नरेला रोड को जोड़ने वाली रोड पर संदिग्ध कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।

जेल में बना टिल्लू ताजपुरिया का खास गुर्गा

पूछताछ में हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी संदीप उर्फ दागू महाराज (40 वर्ष) सातवीं पास है और साल 2011 में मोबाइल झपटमारी के केस से अपराध की दुनिया में आया था। इसके बाद वह हत्या और हत्या के प्रयास जैसे कई संगीन मामलों में शामिल रहा।

सोनीपत जेल में हुई थी टिल्लू से मुलाकात

साल 2016 से 2022 के बीच जब वह सोनीपत जेल में बंद था, तब उसकी मुलाकात कुख्यात गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया से हुई। टिल्लू ने उसे रुपयों और पावर का लालच देकर अपने गैंग में शामिल किया और जेल से छूटने से पहले एक इंटरनेशनल व्हाट्सएप नंबर दिया।

जेल से बाहर आते ही संदीप ने टिल्लू से संपर्क किया। फरवरी 2023 में टिल्लू के गुर्गों ने उसे सिंघु बॉर्डर के पास एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और कारतूस सौंपे, जिसका इस्तेमाल वह वारदातों में कर रहा था।

अलीपुर की वारदात को लेकर संदीप ने कुबूल किया कि टिल्लू गैंग के एक्टिव मेंबर दीपक बालियान ने उसे और उसके भाई शांतनु को हथियार लेकर विवादित प्लॉट पर कब्जा करने के लिए बुलाया था।

गिरफ्तार आरोपियों का प्रोफाइल और आपराधिक इतिहास

  • संदीप उर्फ दागू महाराज: 40 वर्षीय दागू सोनीपत का रहने वाला है। वह टिल्लू ताजपुरिया गैंग का एक्टिव मेंबर है। इस पर दिल्ली और हरियाणा (कुंडली, मुरथल, नरेला) में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के 6 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं।
  • दीपक (उम्र 32 वर्ष, निवासी सोनीपत, हरियाणा): 32 वर्षीय दीपक संदीप का ममेरा भाई है। यह खेती-किसानी की आड़ में अपराध करता था। यह भी सोनीपत का निवासी है। इस पर भी हत्या, अवैध हथियार रखने और ड्रग्स तस्करी एक्ट के 4 मामले पहले से दर्ज हैं। संदीप ने इसे भी वारदातों के लिए कारतूस सप्लाई किए थे।

स्पेशल कमिश्नर (क्राइम) एचजीएस धालीवाल के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक और नया मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी गई है। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें- AGEL ने रचा इतिहास, 20 GW क्षमता पार करने वाली भारत की पहली कंपनी; अकेले दिल्ली-मुंबई को दे सकती है बिजली

यह भी पढ़ें- 'सब कुछ नहीं हटेगा': राघव चड्ढा को दिल्ली HC से झटका, सिर्फ 5 फर्जी ऑनलाइन दस्तावेज हटेंगे

यह भी पढ़ें- रांची एयरपोर्ट से जुलाई का नया फ्लाइट शेड्यूल: दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु समेत कई शहरों के लिए उड़ानें, देखें समय-सारणी