डासना जेल पहुंचीं पत्नी तंजीन फातिमा, जालियों के बीच हुई आजम खां से मुलाकात; व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल
समाजवादी पार्टी नेता आजम खां से उनकी पत्नी तंजीन फातिमा ने डासना जेल में मुलाकात की और जेल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
HighLights
तंजीन फातिमा ने डासना जेल में आजम खां से मुलाकात की।
उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं और गंदगी पर गंभीर सवाल उठाए।
आजम खां ईडी के मनी लांड्रिंग मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात करने के लिए शुक्रवार को उनकी पत्नी एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य तंजीन फातिमा और बड़े बेटे अदीब आजम डासना जिला कारागार पहुंचे।
जेल में मुलाकात के बाद तंजीन फातिमा ने जेल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाते हुए अंदर गंदगी होने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथिमकता आजम खां को जेल से बाहर निकालना है। इसके लिए उन्हें कोर्ट पर भरोसा है।
तंजीन फातिमा ने कहा कि कई बार विधायक और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि रहे व्यक्ति को जेल में ऐसे हालात में रखा जा रहा है। उनकी मुलाकात के समय बीच में जाली थी। जबकि उनके पति कई बार जनप्रतिनिधि चुने गए हैं। वह खुद जनप्रतिनिधि चुनी जा चुकी हैं।
जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े ईडी के मामले में डासना जेल में बंद हैं आजम
आजम खां रविवार से डासना जिला कारागार में बंद हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लांड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद रविवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने सुनवाई के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया था। आजम खां की अगली पेशी 13 नवंबर को निर्धारित है। उनकी गिरफ्तारी के बाद से राजनीतिक हलकों में भी मामला चर्चा में है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।