दिल्ली तरुण हत्याकांड: भीड़ को उकसाने के आरोपी मोहम्मद इस्माइल को नहीं मिली जमानत, कोर्ट ने याचिका ठुकराई
उत्तम नगर के तरुण बुटोलिया हत्याकांड में आरोपी मोहम्मद इस्माइल की जमानत याचिका द्वारका कोर्ट ने खारिज कर दी है। उस पर भीड़ को हत्या के लिए उकसाने और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप है, जिसे अदालत ने गंभीर मानते हुए राहत नहीं दी।

तरुण बुटोलिया। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
मोहम्मद इस्माइल की जमानत याचिका द्वारका कोर्ट ने खारिज की।
आरोपी पर भीड़ को हत्या के लिए उकसाने का गंभीर आरोप।
अदालत ने आरोपों की गंभीरता को जमानत खारिज का आधार माना।
मुकेश ठाकुर, पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली में उत्तम नगर के तरुण बुटोलिया हत्याकांड में आरोपी मोहम्मद इस्माइल को अदालत से राहत नहीं मिली है।
द्वारका स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश-02 सुषांत चंगोत्रा की अदालत ने 27 नवंबर को उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। इस्माइल पर भीड़ को शिकायतकर्ता पक्ष की हत्या के लिए उकसाने और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप है।
अदालत ने आरोपों की गंभीरता, मुकदमे के आरोप तय करने के चरण में होने और गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका को जमानत खारिज करने का आधार बनाया।
तीन किशोरों को भी पकड़ा
होली की रात पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हिंसक हो गया था। एक समूह ने शिकायतकर्ता पक्ष पर हमला किया, जिसमें तरुण की मौत हो गई थी। इसमें अब तक 16 पुरुष और तीन महिलाओं को गिरफ्तार तीन किशोरों को भी पकड़ा गया है। जेजेबी ने पकड़े गए नाबालिग बताए जा रहे आरोपी फैजान को बालिग घोषित कर दिया था।
अभियोजन पक्ष के वकील सुमित चौहान ने कोर्ट को बताया कि इस्माइल ने भीड़ को शिकायतकर्ता पक्ष की हत्या के लिए उकसाया था और कहा था कि उन्हें बचाने के लिए जितने पैसे खर्च करने पड़ेंगे, वह करेगा। रमेश कुमार, तुषार और मान सिंह ने अपने बयानों में उसकी भूमिका बताई है।
तीन प्राथमिकी दर्ज हुई
आरोपी की ओर से शिकायतकर्ता पक्ष और गवाहों को धमकाने के आरोप में तीन प्राथमिकी दर्ज हुई हैं। सीडीआर के लोकेशन से इस्माइल की घटनास्थल पर मौजूदगी सामने आने और उसके कपड़ों को सीएफएसएल जांच के लिए भेजे जाने की जानकारी भी अदालत में दी गई है।
इस्माइल के वकीलों ने दलील दी कि घटना की प्राथमिकी में उसका नाम नहीं था। आठ मार्च को पहली बार उसका नाम आया और 16 मार्च के बयान में उसकी भूमिका का विवरण बदल गया।
इस्माइल पर आरोप नहीं लगाया
बचाव पक्ष ने कहा कि अन्य प्रत्यक्षदर्शियों ने इस्माइल पर आरोप नहीं लगाया, वह घटनास्थल पर मौजूद नहीं था और अभियोजन का पांच सेकंड का वीडियो छेड़छाड़ किया हुआ है। वकीलों ने घटना को पड़ोसियों के बीच अचानक हुई मारपीट बताया। साथ ही बताया कि चार आरोपी को भी गंभीर चोटें आई थीं।
उन्होंने एससी-एसटी एक्ट के तहत आरोपों के लिए आवश्यक मंशा पर भी सवाल उठाया। वहीं, सरकारी वकील ने वीडियो से छेड़छाड़ के आरोपों को निराधार बताया है।
अदालत ने स्पष्ट किया कि जमानत पर विचार करते समय साक्ष्यों का विस्तृत विश्लेषण नहीं किया जा सकता। गवाहों को धमकाने की प्राथमिकी, आरोपों की गंभीरता और मुकदमे की स्थिति को देखते हुए अदालत ने इस्माइल की जमानत याचिका खारिज कर दी। वह नौ मार्च से न्यायिक हिरासत में है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।