महर्षि दयानंद के सिद्धांतों पर चलने की जरूरत : मीनाक्षी लेखी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि महर्षि दयानंद के सिद्धांतों पर
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि महर्षि दयानंद के सिद्धांतों पर चलने की जरूरत है। कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा व सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध संघर्ष करना होगा। वे महादेव रोड स्थित अपने आवास पर केंद्रीय आर्य युवक परिषद द्वारा आयोजित 194वें महर्षि दयानंद सरस्वती के जन्मोत्सव कार्यक्रम के आयोजन के मौके पर लोगों को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि आर्य समाज के लोगों को समाज के बीच जाकर पाखंड अंध विश्वास के विरुद्ध जन जागरण करना है। उन्होंने कहा की शिक्षा क्षेत्र में भी आज सुधार की जरूरत है, जिससे युवा पीढ़ी देशभक्त तैयार हो।
पूर्व महापौर सुभाष आर्य ने आर्य समाज को आदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की समस्याओं का हल महर्षि दयानंद के आदर्शो पर चलने पर ही होगा। केंद्रीय आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.अनिल आर्य ने कहा कि राष्ट्र में विघटनकारी शक्तियां सिर उठा रही हैं। ऐसे में युवाओं में संस्कार व देश की भारतीय संस्कृति के प्रति निष्ठा पैदा करना समय की आवश्यकता है, क्योंकि स्वामी दयानंद ने सबसे पहले स्वाधीनता का संदेश दिया, जिससे प्रेरणा लेकर हजारों युवा आजादी के आदोलन में कूद पड़े। समारोह की अध्यक्षता आर्य नेता दर्शन अग्निहोत्री ने की। वैदिक विद्वान आचार्य वीरेंदर विक्रम,आचार्य योगेंद्र शास्त्री व बहन वैशाली आदि लोग उपस्थित थे।