दिल्ली वालों को बड़ी राहत, लोनी रोड के चौड़ीकरण का सर्वे शुरू; अगले 2 सप्ताह में आएगी रिपोर्ट
पूर्वी दिल्ली में लोनी रोड के चौड़ीकरण के लिए सर्वे शुरू हो गया है। एक निजी कंपनी दो सप्ताह में ...और पढ़ें
-1783243260867_m.webp)
लोनी रोड के चौड़ीकरण के लिए सर्वे हुआ शुरू। जागरण
HighLights
लोनी रोड चौड़ीकरण के लिए पूर्वी दिल्ली में सर्वे शुरू।
निजी कंपनी दो सप्ताह में पीडब्ल्यूडी को रिपोर्ट सौंपेगी।
अधिग्रहण भूमि व सड़क किनारे निर्माणों की वैधता जांची जाएगी।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली में लोनी रोड के चौड़ीकरण को लेकर शुक्रवार से सर्वे शुरू हो गया है। एक निजी कंपनी के माध्यम से यह सर्वे करवाया जा रहा है।
पहले दिन कंपनी के अधिकारी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पुराने नक्शे को लेकर सड़क पर उतरे। नक्शे के अनुसार, अधिकारी यह चिह्नित कर रहे हैं कि चौड़ीकरण के लिए कितनी जमीन का अधिग्रहण किया जाना है।
इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सड़क किनारे बने मकान व दुकानें वैध हैं या अवैध। कंपनी को दो सप्ताह के भीतर सर्वे पूरा कर अपनी रिपोर्ट पीडब्ल्यूडी को सौंपनी है।
लोनी रोड को चौड़ा करने की योजना
वर्षों से लोनी रोड को चौड़ा करने की योजना चल रही थी, लेकिन अब जाकर इस पर धरातल पर कार्रवाई शुरू हुई है। सर्वे शुरू होते ही स्थानीय लोगों में अपने आशियाने और दुकानें टूटने का डर सताने लगा है।
150 फीट चौड़ा किया जाना प्रस्तावित
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि पुराने नक्शे के आधार पर कंपनी यह देख रही है कि किस स्थान पर रोड की वास्तविक चौड़ाई कितनी थी। इस रोड को करीब 150 फीट चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है।
यह भी पढ़ें- लोनी रोड को चौड़ा करने का रास्ता साफ, दिल्ली हाई कोर्ट का आया फैसला; कब से गरजेगा बुलडोजर?
कंपनी अपनी सर्वे रिपोर्ट पीडब्ल्यूडी को देगी, जिसके बाद आगे की फाइल भूमि विभाग को भेजी जाएगी। चिह्नित की गई जगहों पर रहने वाले लोगों के निर्माण की वैधता की जांच होगी और प्रभावित होने वाले लोगों से उनकी आपत्तियां भी मांगी जाएंगी। सभी आपत्तियों के निपटारे के बाद ही चौड़ीकरण का काम शुरू किया जाएगा।
