15 हजार खिलाड़ियों में से चुने गए 128 क्रिकेटर, सैल्यूट तिरंगा लीग में उतरेंगी 8 टीमें
सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग के पहले सत्र के लिए 128 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को मुफ्त में मौका मिलेगा।

सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग (एसटीसीएल) के लिए खिलाड़ियों चयन।
HighLights
128 खिलाड़ी सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग के लिए चुने गए
आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को मुफ्त में मिलेगा अवसर
राजस्थान के नाथद्वारा में 2026 में होगा पहला सत्र
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को मौका देने के उद्देश्य से सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग (एसटीसीएल) के पहले सत्र के लिए 128 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
बुधवार को नई दिल्ली के ली मेरिडियन में आयोजित समारोह में आठ फ्रेंचाइजी टीमों का भी ऐलान हुआ। लीग का पहला सत्र 21 से 28 अक्टूबर 2026 तक राजस्थान के नाथद्वारा, उदयपुर स्थित मिराज स्टेडियम में खेला जाएगा।
15 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने कराया था पंजीकरण
एसटीसीएल के लिए देश के 10 राज्यों और 11 शहरों में खुले चयन परीक्षण आयोजित किए गए। पटना, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु, जयपुर, मुंबई, अलीगढ़, लखनऊ और दिल्ली समेत विभिन्न शहरों में हुए इन परीक्षणों के लिए 15 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था।
इनमें से 450 खिलाड़ियों को अंतिम चयन शिविर के लिए चुना गया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 128 खिलाड़ियों को लीग में खेलने का अवसर मिला।
बिना फीस मिलेगा क्रिकेट में आगे बढ़ने का मौका
लीग का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की क्रिकेट प्रतिभा को पहचानना और उन्हें बिना किसी शुल्क के आगे बढ़ने का अवसर देना है। खिलाड़ियों को लीग के दौरान भोजन, आवास, यात्रा और पेशेवर मार्गदर्शन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
एसटीसीएल के अध्यक्ष राजेश झा ने कहा कि लीग ने खिलाड़ियों से पंजीकरण या भागीदारी के लिए कोई पैसा नहीं लेने का वादा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी के अवसरों में बाधा नहीं बननी चाहिए।
ड्रॉ के जरिए आठ टीमों में बांटे गए खिलाड़ी
खिलाड़ियों के चयन में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ड्रॉ आधारित प्रक्रिया अपनाई गई। टीम मालिकों और प्रशिक्षकों के चयन के बाद खिलाड़ियों को उनकी श्रेणियों के आधार पर आठ टीमों में शामिल किया गया।
खिलाड़ियों को प्रमुख बल्लेबाज, गेंदबाज, विकेटकीपर, स्पिन गेंदबाज और प्रमुख तेज गेंदबाज जैसी श्रेणियों में बांटा गया। इसके बाद लॉटरी के माध्यम से टीमों में उनका चयन किया गया, ताकि सभी फ्रेंचाइजी को संतुलित टीम बनाने का समान अवसर मिले।
लीग में उतरेंगी ये आठ टीमें
एसटीसीएल के पहले सत्र में हिस्सा लेने वाली आठ फ्रेंचाइजी टीमें हैं:
- दिल्ली लीडर्स
- गुजरात रॉयल्स
- मुंबई मावेरिक्स
- पंजाब फाल्कन
- हरियाणा लायंस
- राजस्थान फ्रंटियर्स
- यूपी धुरंधर
- तमिलनाडु थंडर्स
क्रिकेट और मनोरंजन जगत की हस्तियां रहीं मौजूद
खिलाड़ी चयन समारोह में पूर्व भारतीय क्रिकेटर और भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड की पूर्व चयन समिति के अध्यक्ष चेतन शर्मा, पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल, पूर्व टेस्ट क्रिकेटर अशोक मल्होत्रा और पद्मश्री सम्मानित सुशील दोषी शामिल हुए।
इसके अलावा उदयपुर के पूर्व सांसद अर्जुन लाल मीणा, एसटीसीएल के ब्रांड एम्बेसडर संग्राम सिंह, मिस यूनिवर्स इंडिया 2023 श्वेता शारदा और अभिनेत्री दिलजोत भी समारोह में मौजूद रहीं। एसटीसीएल के अध्यक्ष राजेश झा, उपाध्यक्ष रवि चिकारा, निदेशक मुकेश कुमार सिंह, टीम मालिकों और अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा टी-20 क्रिकेट का मंच
एसटीसीएल के पहले सत्र में देश के विभिन्न हिस्सों से चुने गए युवा खिलाड़ियों को टी-20 क्रिकेट के प्रतिस्पर्धी मंच पर प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। लीग का उद्देश्य खिलाड़ियों को पेशेवर अनुभव देने के साथ आगे बढ़ने के लिए व्यापक मंच उपलब्ध कराना है।
