दिल्ली-पुणे स्पाइसजेट फ्लाइट में AC खराब, गर्मी और घुटन से परेशान यात्रियों का IGI एयरपोर्ट पर हंगामा
स्पाइसजेट की दिल्ली-पुणे उड़ान में बोर्डिंग के बाद एसी खराब होने से यात्रियों को भीषण गर्मी और घुटन का सामना करना पड़ा।
HighLights
स्पाइसजेट की दिल्ली-पुणे उड़ान में एसी हुआ खराब।
यात्रियों को भीषण गर्मी और घुटन का सामना करना पड़ा।
आईजीआई एयरपोर्ट पर यात्रियों ने किया जोरदार विरोध।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की दिल्ली–पुणे उड़ान के दौरान एक बड़ा हंगामा सामने आया है। प्लेन में बोर्डिंग पूरी होते ही केबिन का एयर कंडीशनिंग सिस्टम अचानक ठप हो गया, जिसके चलते प्लेन के अंदर का तापमान बेहद तेजी से बढ़ गया।
भीषण गर्मी और घुटन के कारण यात्रियों की हालत बिगड़ने लगी। लंबी देर तक कोई राहत न मिलने पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा।
यात्रियों ने क्रू मेंबर्स के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया और टेकआफ से ठीक पहले उड़ान को रुकवा दिया। बाद में यात्रियों ने टर्मेक पर उतरकर एयरलाइन की लापरवाही के खिलाफ विरोध जताया, जिसके बाद विमान को वापस बे में लाया गया।
बच्चों और बुजुर्गों को हुई सांस लेने में तकलीफ
यात्रियों का आरोप है कि विमान में कई छोटे बच्चे और बुजुर्ग यात्री भी सवार थे। एसी बंद होने और वेंटिलेशन न मिलने के कारण केबिन के अंदर हवा रुक गई और पसीने से तर-बतर हो गए। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि कई लोगों को सांस लेने में भी भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
एक्स पर इस घटना के कई वीडियो साझा किए गए हैं। वीडियो में परेशान यात्री विमान की सीट में रखी मैगजीन और कागजों से हवा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो पोस्ट करने वाले यूजर ने दावा किया कि प्लेन में पहले से ही तकनीकी खराबी थी, जिसे नजरअंदाज करके बोर्डिंग करा दी गई थी।
कैप्टन ने दी पुलिस की धमकी, फिर सामने आई तकनीकी खराबी
जब भीषण गर्मी और घुटन के बीच प्लेन को टेकऑफ के लिए रनवे पर लाया गया, तो यात्रियों ने अपनी जान को खतरे में देख उड़ान भरने से मना कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया।
इस पर राहत देने के बजाय फ्लाइट के कैप्टन और क्रू मेंबर्स यात्रियों पर ही चिल्लाने लगे और चुप कराने के लिए पुलिस बुलाने की धमकी तक दे डाली। हालांकि, बाद में जब जांच की गई तो पता चला कि विमान में पहले से ही गंभीर तकनीकी खराबी थी।
