सोनिया विहार में दबंगों ने कार जलाई, विरोध करने पर कारोबारी के परिवार पर चाकू से हमला
सोनिया विहार में पुराने विवाद के चलते दबंगों ने एक कारोबारी की कार में आग लगा दी। विरोध करने पर ...और पढ़ें

सोनिया विहार में दबंगों ने एक कारोबारी की कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
HighLights
कारोबारी की गली में खड़ी कार में लगाई आग
विरोध करने पर पत्नी को पीटा, बेटों पर चाकू से वार
आर्यन कश्यप की हालत गंभीर, पुलिस कर रही जांच
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। सोनिया विहार इलाके में दबंगों ने पुराने विवाद में गली में खड़ी एक कारोबारी की कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कारोबारी की पत्नी व उसके दो बेटों को दबंगों का विरोध करना भारी पड़ गया। छह आरोपितों ने गली में महिला को जमकर पीट दिया। उसके दो बेटाें पर चाकू से कई वार कर दिए।
काराेबारी के घर पर पथराव करके आरोपित फरार हाे गए। घायल हालत में रीता कश्यप, उनके दो बेटो अरुण कश्यप व आर्यन को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती करवाया गया। आर्यन का अस्पताल में इलाज जारी है, हालत गंभीर बनी हुई है। अरुण की शिकायत पर सोनिया विहार थाना मामले की जांच कर रही है।
पप्पू कश्यप का लाजपत राय मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक आइटम का काम
अरुण अपने परिवार के साथ चौथे पुश्ते पर रहते हैं। उनके पिता पप्पू कश्यप का लाजपत राय मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक आइटम का काम है। अरुण ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके पड़ोस में जितेंद्र नाम का व्यक्ति रहता है। आरोप है कि जितेंद्र अपने घर में बाहरी लोगों को बैठाकर नशा करवाता है और तेज आवाज में संगीत बजाता है।
पीड़ित परिवार इसका विरोध करता है। रविवार रात को कारोबारी ने अपने घर के बाहर गली में कार खड़ी की हुई थी। आरोप है कि जितेंद्र के करीबी व्यक्ति अमन ने उनकी कार पर देर रात पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। घर मेें धुंआ आया तो परिवार बाहर गया तो कार के पास अमन खड़ा था। वह परिवार को देखकर भाग गया।
पीड़ित परिवार न विरोध जताया तो आरोपित भड़क गया
परिवार ने किसी तरह से आग बुझाई। सोमवार रात को पीड़ित परिवार न विरोध जताया तो आरोपित भड़क गया। आरोप है कि अमन ने जितेंद्र के बेटे सागर व उसके परिचित राहुल, मोहित, गौतम व अन्य के साथ मिलकर महिला व उसके बेटे पर लाठी डंडों से हमला कर दिया।
अरुण व इसके भाई के हाथ व कमर पर चाकू से वार कर दिया। पीड़ित परिवार के कुछ सदस्यों ने वारदात के कुछ वीडियो माेबाइल से बनाएं हैं। वह वीडियो पुलिस को साैंप दिए गए हैं। पुलिस का कहना है वीडियो में दिख रहे आरोपितों की पहचान की जा रही है।
