विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Preet Vihar Murder: पति के हत्यारों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग, सड़क पर उतरी गर्भवती पत्नी

Published: Tue, 21 Apr 2026 11:21 PM (IST)

पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार में पार्किंग विवाद में मारे गए कपड़ा कारोबारी पंकज नय्यर की गर्भवती पत्नी दिव्या ने ...और पढ़ें

प्रीत विहार मर्डर मामले में मृतक की पत्नी ने निकाला कैंडल मार्च।

प्रीत विहार मर्डर मामले में मृतक की पत्नी ने निकाला कैंडल मार्च।

HighLights

  1. गर्भवती दिव्या ने पति पंकज नय्यर के लिए न्याय मांगा।

  2. पार्किंग विवाद में कपड़ा कारोबारी पंकज की हत्या हुई।

  3. हत्यारों को फांसी और परिवार को सुरक्षा की मांग।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। छह माह की गर्भवती और आंखों में आंसू। कांपते पैर और हाथ में पति के हत्यारों को सख्त सजा की मांग का पोस्टर लेकर जब महिला सड़क पर निकली ताे देखने वालों की नजरें झुक गई। हर किसी के मुंह से निकला, हत्यारों को फांसी होनी चाहिए। दिव्या ने सैकड़ों लोगों के साथ मंगलवार को सड़क पर उतरकर अपने कारोबारी पति पंकज नय्यर के लिए इंसाफ और परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की।

प्रीत विहार इलाके में रविवार रात रात को पार्किंग विवाद में पांच लोगों ने गोली मारकर कपड़ा कारोबारी की हत्या की थी। मंगलवार रात को पंकज की पत्नी दिव्या ने अपने देवर पारस, सास शकुंतला, ससुर और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आरोपितों को फांसी की सजा की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला।

आरोपित गौरव शर्मा ने कपड़ा कारोबारी की हत्या की

दिव्या ने कहा उनके पति बेगुनाह थे। फिर भी आरोपित गौरव शर्मा ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। सरकार व पुलिस से रोते हुए सवाल किया कि आखिर आरोपित गाैरव के पास हथियार आया कहां से। वह छह साल से अवैध हथियार लेकर घूम रहा था, खुद को तेज तर्रार कहने वाली दिल्ली पुलिस उसे कभी गिरफ्तार नहीं कर सकी। जिस तरह से उसने उनके पति की हत्या की है, उससे दिख गया है बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है।

उन्होंने आरोपितों से अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा की मांग की। कहा कि तीनों आरोपितों को फास्टट्रैक कोर्ट से फांसी की सजा होनी चाहिए, वह सजा समाज के लिए नजीर बननी चाहिए। आगे से कोई पार्किंग विवाद में किसी की जान न ले सके। मृतक के भाई पारस ने कहा कि गौरव अगर जेल से वापस आया तो वह फिर से किसी की हत्या कर देगा। ऐसे लेागों को जेल के अंदर रहना होगा।

पार्किंग में तीन फ्लैट मालिकों की कार खड़ी होने की जगह

गौरव से उसका कोई विवाद नहीं था। मकान की पार्किंग में तीन फ्लैट मालिकों की कार खड़ी होने की जगह है, वह खुद अपनी तीन कारें खड़ी करता था। दूसरे लोगों को जगह नहीं मिलती थी। पारस ने कहा कि उसे पता होता कि गौरव के पास पिस्टल है तो वह कभी भी नोएडा से अपने भाई पंकज को नहीं बुलाता।

यह भी पढ़ें- Preet Vihar Murder: पार्किंग विवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रॉपर्टी डीलर ने की कारोबारी की हत्या, तीन अरेस्ट