Preet Vihar Murder: पार्किंग विवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रॉपर्टी डीलर ने की कारोबारी की हत्या, तीन अरेस्ट
पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार में पार्किंग विवाद के चलते प्रॉपर्टी डीलर गौरव शर्मा ने कपड़ा कारोबारी पंकज की गोली ...और पढ़ें

प्रीत विहार में प्रॉपर्टी डीलर गौरव शर्मा ने कपड़ा कारोबारी पंकज की हत्या कर दी।
HighLights
पार्किंग विवाद में प्रॉपर्टी डीलर ने की हत्या।
मुख्य आरोपी गौरव शर्मा समेत तीन गिरफ्तार।
आरोपी गौरव पहले भी जीएसटी धोखाधड़ी में जेल गया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। प्रीत विहार में प्रॉपर्टी डीलर गौरव शर्मा ने कपड़ा कारोबारी पंकज की हत्या इसलिए की क्योंकि वह पार्किंग का झगड़ा एक बार में पूरी तरह खत्म करना चाहता था। पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपित गौरव, उसके सौतेले बेटे सिद्धार्थ और दोस्त सुनील को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गौरव ने पुलिस को बताया कि बीते छह माह में कई बार पार्किंग को लेकर पारस से नोकझोंक हो गई थी। एक दो बार झगड़ा भी हुआ था लेकिन आसपास के लोगों ने उसे शांत करवा दिया था। दस दिन पूर्व भी काफी विवाद हुआ था।
रविवार को जब दोबारा पारस से विवाद हुआ तो गौरव ने झगड़ा हमेशा के लिए खत्म करने की ठान ली। इसके बाद गुस्से में अवैध पिस्टल निकाली और गोली चला दी। पुलिस के अनुसार आरोपित पंकज के साथ पारस को भी गोली मारना चाहता था, लेकिन वह बच गया।
बता दें कि रविवार रात करीब ढाई बजे प्रीत विहार इलाके में रहने वाला प्रापर्टी डीलर जबरन अपनी बीएमडब्ल्यू और फार्च्युनर कार कपड़ा कारोबारी पारस की पार्किंग में खड़ी करना चाहता था। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। जब पारस का नोएडा में रहने वाला भाई पंकज झगड़ा शांत कराने आया तो गौरव ने उसे गोली मार दी। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ फरार हो गया।
डीसीपी पूर्वी जिला राजीव कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपित गौरव शर्मा को प्रीत विहार, उसके सौतेले बेटे सिद्धार्थ को शाहदरा के एक होटल से और गौरव के प्रापर्टी डीलर दोस्त सुनील को नोएडा स्थित उसके आफिस से गिरफ्तार कर लिया गया है। भागते समय गौरव ने पिस्टल कहीं फेंक दी थी, उसे बरामद करने के प्रयास जारी है।
मूड खराब था, इसलिए मार दी गोली
घटना के बाद पूर्वी जिला के स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक की अगुवाई में जांच टीमें बनाई गई थीं। पुलिस के अनुसार गौरव ने बताया कि रविवार को वह दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। इस दौरान उसकी एक दोस्त से कहासुनी हो गई थी। इसके चलते उसका मूड खराब हो गया था। कार लेकर जब वह घर आया तो पारस की कार बीच में खड़ी देखी।
इसके बाद गुस्से में गाली-गलौज की। आरोपित के अनुसार जब उसने नोएडा से आए पारस के भाई पंकज को देखा तो उसका गुस्सा और बढ़ गया। उसे लगा कि वह भी लड़ने आया है। इसके बाद उसने अपनी कार से पिस्टल निकाली और पंकज और पारस पर हमला करते हुए गोली चला दी।
पंकज को गोली लगने के बाद गौरव बेटे सिद्धार्थ, सुनील और दो अन्य युवकों के साथ फरार हो गया। पुलिस गौरव व उसके बेटे की निशानदेही पर अन्य दो आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
जीएसटी की गड़बड़ी के मामले में जा चुका है जेल
आरोपित गौरव जीएसटी में गड़बड़ी के मामले में जेल जा चुका है। साल 2021 में वह दो माह के लिए अहमदाबाद जेल में बंद था। वहां से छूटने के बाद उसने अपने चचेरे भाई से अवैध पिस्टल ली थी। वह पिस्टल को अपनी कार में छिपाकर रखता था। पुलिस अब उसके चचेरे भाई की भी तलाश कर रही है जिससे उसने पिस्टल ली थी।
यूपीएससी की तैयार कर रहा था बेटा, करियर पर लगा दाग
गौरव ने लगभग एक साल पहले ही दूसरी शादी की थी। उसका सौतेला बेटा सिद्धार्थ यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। हालांकि वह अपने सौतेले पिता के साथ उसके अपराध में शामिल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गौरव और उसका बेटा दोनों क्रिमिनल सोच वाले लोग हैं। ऐसे में वह सिविल सर्विस परीक्षा पास कर लेता तो देश का नुकसान ही करता।
पूछता रहा छह साल का बेटा, पापा कब आएंगे
पंकज की मौत के बाद मंगलवार को भी उनके प्रीत विहार स्थित आवास पर मातम पसरा रहा। पंकज की पत्नी दिव्या और मां शकुंतला तो पूरे दिन बेसुध दिखीं। घर में लोगों का आना-जाना लगा रहा। बाहर से आने वाले हर व्यक्ति को देखकर पंकज का छह साल का बेटा कहता कि पापा कब आएंगे। हालांकि जब पापा नहीं आते तो वह मायूस हो जाता।
दादा जेएस नय्यर उसे बच्चों के साथ खेल में लगा देते, हालांकि कुछ देर बाद फिर आकर वह दादा से पूछता पापा कब आएंगे। उधर, पंकज की गर्भवती पत्नी दिव्या ने रोते हुए कहा कि सपने में भी नहीं सोचा था कि उनका परिवार इस तरह उजड़ जाएगा। उनका परिवार तो घर में नया मेहमान आने की खुशियां मना रहा था।। इसी बीच यह हादसा हो गया।
