विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पत्नी सबीला खातून की हत्या कर बाथरूम में छिपाई लाश, दिल्ली पुलिस ने बिहार से आरोपी पति को दबोचा

Published: Fri, 11 Sep 2026 08:48 AM (IST)

बाहरी दिल्ली के शाहबाद डेरी में पत्नी सबीला खातून की हत्या कर शव बाथरूम में छिपाने और बेटे संग फरार ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। AI जनरेटेड

दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। AI जनरेटेड

HighLights

  1. मोहम्मद लाल बाबू ने पत्नी सबीला खातून की हत्या की।

  2. शव बाथरूम में छिपाकर बेटे संग आरोपी फरार हुआ था।

  3. पुलिस ने बिहार से आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।

राजीव रंजन, बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में पत्नी की हत्या कर शव बाथरूम में छिपाने और बेटे को लेकर फरार होने के आरोपी मोहम्मद लाल बाबू को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के बाद आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देता रहा।

पुलिस को उसके बिहार के सीतामढ़ी स्थित गृह नगर में छिपे होने की आशंका थी। इसके बाद पुलिस की एक टीम वहां पहुंची, लेकिन वह पहले ही किसी रिश्तेदार के यहां चला गया था। कई संभावित ठिकानों पर दबिश देने के बाद पुलिस ने आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।

बाथरूम में छिपाई थी लाश

पुलिस के मुताबिक, प्रहलादपुर बांगर गांव स्थित मकान नंबर 416 के बाथरूम से 22 वर्षीय सबीला खातून का शव 29 अगस्त को बरामद हुआ था। आशंका है कि मोहम्मद लाल बाबू ने घटना से 1-2 दिन पहले सबीला की हत्या की थी। हत्या के बाद शव को बाथरूम में छिपाकर वह अपने कुछ माह के बेटे को लेकर फरार हो गया।

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो आरोपित के बिहार भागने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपित बार-बार अपना ठिकाना बदलकर टीम को गुमराह करता रहा। आखिरकार बृहस्पतिवार को उसे दबोच लिया गया।

2 साल पहले किया था निकाह

वहीं, जांच में सामने आया है कि सबीला और मोहम्मद लाल बाबू ने करीब दो साल पहले निकाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद रहता था। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस आरोपित से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वहीं, मृतका के भाई गुलाब का कहना है कि बहन के घर पहुंचने पर उसे घटना की जानकारी हुई और उसने ही पुलिस को सूचना दी थी।

मामले में एक महिला की भूमिका की हो रही जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में एक अन्य महिला की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस को जानकारी मिली है कि घटना के समय वह घर में मौजूद थी। उसकी पहचान और मोहम्मद लाल बाबू से उसके संबंधों के बारे में पता लगाया जा रहा है।

साथ ही, फरारी के दौरान आरोपी कहां-कहां रहा और किन लोगों ने उसे शरण दी, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस पूछताछ के बाद हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम का पता चलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली मर्डर केस: किशोर की हत्या कर हरिद्वार भागे मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार