'गतिमान एक्सप्रेस' का फाइनल ट्रायल रन, दिल्ली वापसी में आई दिक्कत
जापान, फ्रांस व चीन की तरह से देश में तेज गति ट्रेन चलाना पीएम मोदी का सपना है। पीएम के सपने को साकार करने के लिए रेल प्रशासन गतिमान एक्सप्रेस को गति देने में जुटा हुआ है।
नई दिल्ली। जापान, फ्रांस व चीन की तरह से देश में तेज गति ट्रेन चलाना पीएम मोदी का सपना है। पीएम के सपने को साकार करने के लिए रेल प्रशासन गतिमान एक्सप्रेस को गति देने में जुटा हुआ है। लेकिन यह काम इतना आसान नहीं है और इसके लिए पांच ट्रायल होने के बाद आज नई दिल्ली से आगरा के बीच फाइनल ट्रायल होगा। आज सुबह 8.10 बजे नई दिल्ली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह से इस सेमी हाई स्पीड ट्रेन का ट्रायल रन शुरू होगा।
160 की रफ्तार के साथ हाई स्पीड इंटरनेट से लैस होगी गतिमान एक्सप्रेस
दावा किया गया है कि गतिमान एक्सप्रेस की रफ्तार 160 किलोमीटर होगी और यह 90 मिनट में यात्रा पूरी करेगी, लेकिन अब तक हुए पांच ट्रायल रन में यह संभव नहीं हुआ है। सबसे कम 101 मिनट में यह दूरी तय हुई है। पिछले वर्ष 3 जून को गतिमान एक्सप्रेस का पांचवां ट्रायल रन हुआ था जिसमे यह नई दिल्ली से आगरा 115 मिनट में पहुंची थी। वहीं, वापसी में यह आगरा से नई दिल्ली 105 मिनट मे पहुंची थी। इस रेल खंड पर 25 स्थानों की पहचान की गई थी, जहां ट्रेन की गति 30 से 125 किलोमीटर प्रतिघंटे से ज्यादा नहीं हो सकती है। इसमें से कई बाधाएं दूर कर दी गई हैं।
रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने गतिमान एक्सप्रेस का नियमित परिचालन शुरू करने के पहले कुछ कमियां दूर करने के निर्देश दिए थे। इसी तरह से अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) ने भी रेलवे को 160 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से ट्रेन चलाने से पहले जरूरी एहतियात बरतने के सुझाव दिए थे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सभी शिकायतें दूर कर दी गई हैं। इसके लिए कपूरथला रेल कोच फैक्ट्री में विशेष कोच भी तैयार किए गए हैं। इस ट्रेन का नियमित परिचालन शुरू होने के बाद कुछ अन्य रूट पर भी सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने की योजना है।