सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर के नीचे का यू-टर्न बंद, 2 साल तक झेलना होगा डायवर्जन; लगाना पड़ेगा सवा KM का चक्कर
सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर के दोहरीकरण कार्य के कारण यू-टर्न बंद कर दिया गया है, जिससे नेहरू प्लेस जाने वाले वाहन चालकों को सवा किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा।

सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर के दूसरी लेन के पिलर का काम शुरू करने से पहले जमीन की मजबूती जांचने के लिए की जा रही मिट्टी की जांच। जागरण
HighLights
सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर का यू-टर्न निर्माण कार्य के लिए बंद।
नेहरू प्लेस जाने के लिए वाहन चालकों को सवा किमी अतिरिक्त चक्कर।
दो साल तक चलेगा निर्माण, भविष्य में यातायात होगा सुगम।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर को दोहरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इसके चलते फ्लाईओवर के नीचे बने यू-टर्न को बंद कर दिया गया है।
अब इस मार्ग से नेहरू प्लेस की ओर जाने वाले वाहन चालकों को करीब सवा किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा। उन्हें ग्रेटर कैलाश-1 की एक ब्लॉक मार्केट से यू-टर्न लेकर आउटर रिंग रोड पर वापस आना होगा।
इसके बाद चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे बने यू-टर्न से मुड़कर नेहरू प्लेस की ओर जाना होगा। इससे वाहनों को करीब सवा किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाना होगा।
यातायात पुलिस का कहना है कि वाहन चालकों को नई व्यवस्था के प्रति जागरूक करने के लिए जल्द ही दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे।
यू-टर्न बंद, वाहन चालकों को लगाना होगा चक्कर
फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न बंद कर मशीनों से खोदाई की जा रही है। फिलहाल पिलर बनाने से पहले जमीन की मजबूती जांचने के लिए मिट्टी की जांच (स्वायल टेस्टिंग) की जा रही है।
इसके बाद पिलर बनाने के लिए खोदाई शुरू होगी। निर्माण कार्य करीब दो साल तक चलेगा। इस दौरान सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर के आसपास यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
दोहरा फ्लाईओवर बनने से एयरपोर्ट यात्रियों को राहत
अभी आउटर रिंग रोड पर नेहरू प्लेस से एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहनों के लिए फ्लाईओवर बना हुआ है। एयरपोर्ट की तरफ से आने वाले वाहनों को इस हिस्से में नीचे की सड़क से गुजरना पड़ता है। इससे व्यस्त समय में यातायात का दबाव बढ़ता है।
फ्लाईओवर के दोहरा होने के बाद एयरपोर्ट की तरफ से आने वाले वाहनों को भी फ्लाईओवर की सुविधा मिल सकेगी। इससे आउटर रिंग रोड पर यातायात सुगम होने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, निर्माण के दौरान यू-टर्न बंद रहने से वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- प्रॉपर्टी टैक्स के साथ ही दिल्लीवालों से अब वसूला जाएगा यूजर चार्ज, MCD ने की तैयारी; देखें तय की गईं दरें
