विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सौरभ भारद्वाज का केंद्र पर हमला: 'पुलिस मुझे कभी भी गिरफ्तार कर सकती है', छात्रों के आंदोलन को बताया संवैधानिक अधिकार

Published: Wed, 14 Oct 2026 11:59 AM (IST)

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज ( फोटो स्रोत : जागरण )

सौरभ भारद्वाज ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. छात्र आंदोलन पर सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना।

  2. वर्तमान स्थिति को इंदिरा गांधी के शासनकाल जैसा बताया।

  3. विपक्षी नेताओं पर दर्ज मुकदमों को गलत ठहराया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलनकारी छात्र चुनाव प्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं, जिसे लेकर अब दिल्ली इकाई के आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरव भारद्वाज ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में अपनी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने केंद्र सरकार की तुलना इंदिरा गांधी के शासनकाल में पैदा हुई राजनीतिक स्थिति से की। उनके मुताबिक, आज काल का पहिया फिर से घूम चुका है। इंदिरा गांधी के शासनकाल मेंं भी राजनीतिक अस्थिरता पैदा हो चुकी थी।

देश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं

'आप' नेता ने कहा कि उनकी चुनाव प्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे थे। स्थिति ऐसी बन चुकी थी कि युवा सड़क पर आकर आंदोलन कर रहे थे। आर्थिक हालात बिल्कुल भी ठीक नहीं थे। आज एक बार फिर से ऐसी ही स्थिति पैदा हो चुकी है। युवा सड़क पर हैं। देश के आर्थिक हालात ठीक नहीं हैं।

उन्होंने आगे कहा कि निश्चित तौर पर इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि आज की तारीख में देश की आर्थिक और वैश्विक स्थिति ठीक नहीं है। इससे आम लोगों का जीना दूभर हो चुका है। इतना ही नहीं, विपक्ष के जो नेता सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें जबरन सलाखों के पीछे बंद किया जा रहा है।

मैं कभी भी गिरफ्तार हो सकता हूं : सौरभ भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में अगर आप देखेंगे, तो मुझ पर ही पिछले एक महीने में आधे दर्जन मुकदमे दर्ज किए गए हैं, वो भी गैर जमानती। इसका मतलब साफ है कि पुलिस जिस दिन चाहे, उस दिन मुझे गिरफ्तार कर सकती है। इससे आप साफ समझ सकते हैं कि मौजूदा समय में विपक्ष को लेकर देशभर में किस तरह के हालात पैदा किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के बड़े-बड़े नेताओं के खिलाफ इस तरह के मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि जब चाहे तब उन्हें गिरफ्तार करके सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

'आप' नेता ने कहा कि साजिशन देशभर में चिंताजनक हालात पैदा किए जा रहे हैं। लेकिन, मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि देश के युवा को किसी भी मुद्दे पर आंदोलन करने का संवैधानिक अधिकार है। जिससे किसी को भी कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। कोई सरकार, कोई पुलिस, कोई कोर्ट उस अधिकार को नहीं छीन सकती है।

यह भी पढ़ें- पानी की कमी पर AAP का कटाक्ष, सौरभ भारद्वाज ने कहा- पूर्व एलजी से सलाह लें BJP : (इनपुट - न्यूज एजेंसी एएनआई)