झुग्गी पुनर्वास से अवैध PG हब तक पहुंचा सत्य निकेतन, 60% मकान लीज पर; नियमों को ताक पर रखकर निर्माण
सत्य निकेतन, जो 1965-70 में झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए बसाया गया था, अब अवैध निर्माण और बिना पंजीकरण वाले पीजी का गढ़ बन गया है। दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास होने के कारण यह रिहायशी इलाका व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र बन गया है, जहाँ सुरक्षा नियमों की अनदेखी हो रही है।

सत्य निकेतन मार्केट में गिरी इमारत के मलबे के सेंपल को जांच के लिए एकत्रित करती एसएफएल की टीम। जागरण
HighLights
सत्य निकेतन की 56 साल पुरानी पुनर्वास कॉलोनी अब पीजी बाजार।
अवैध निर्माण और बिना पंजीकरण के चल रहे हैं सैकड़ों पीजी।
सुरक्षा नियमों की अनदेखी, 60% मकान लीज पर, साउथ कैंपस।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए विकसित वर्ष 1965 से 1970 के बीच सत्य निकेतन इलाके को बसाया गया। झुग्गी के बदले 60-65 वर्गमीटर तक के प्लाट दिए गए। वर्ष 1970 के बाद जब दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस की शुरुआत हुई, तो इस इलाके का स्वरूप भी बदलने लगा।
भूतल के साथ तीन मंजिल तक का निर्माण किया जा सकता है लेकिन चार से पांच मंजिल का निर्माण होने लगे। वर्ष 2011 में इन संपत्तियों को फ्री होल्ड कर दिया गया था। इसके बाद तेजी से यहां पर निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ी।
बिना रजिस्ट्रेशन चलने लगे पीजी
नतीजा ये हुआ कि डीयू साउथ कैंपस के नजदीक का यह रिहायशी इलाका व्यावसायिक गतिविधियों के लिए प्रचलित हो गया। साउथ कैंपस के नजदीक होने के चलते देखते ही देखते ये छात्रों के लिए पीजी का हब बन गया।
यहां कई कंपनियां बिना रजिस्ट्रेशन पीजी चलाने का व्यवसाय कर रही हैं। इमारतों को लीज पर लेकर मनमाने तरीके से पीजी चलाए जा रहे हैं। मोटी कीमत वसूलने के बावजूद रेंट एग्रीमेंट में शर्तें थोपकर सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों से भी बचते हैं।
60 प्रतिशत मकान लीज पर
स्थानीय लोगों के मुताबिक सत्या निकेतन इलाके में जितने भी मकान हैं, उनमें से लगभग 40 प्रतिशत में ही मकान मालिकों के परिवार रहते हैं। बाकी के 60 प्रतिशत मकान लीज पर हैं और इनमें व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हैं। ज्यादातर मकान चार-पांच दशक पुराने हैं और अच्छी स्थिति में नहीं हैं।
लगभग सभी ने दो से तीन मंजिल अवैध निर्माण करा रखे हैं। 20 से अधिक लोगों की आवाजाही वाले व्यावसायिक गतिविधि वाले प्रतिष्ठान के लिए फायर एनओसी की जरूरत होती है। एमसीडी कर्मचारियों और पुलिस के गठजोड़ से बिना फायर एनओसी भी अवैध पीजी धड़ल्ले से चल रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।