विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PG जाने से डर रहे छात्र, DU ने किया कॉलेजों में ही रुकने का इंतजाम; क्लासरूम में बिछाए गए गद्दे

Published: Mon, 07 Sep 2026 11:24 AM (IST)

सत्य निकेतन में इमारत गिरने के बाद पीजी में लौटने से डरे छात्रों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय ने साउथ कैंपस के कॉलेजों में वैकल्पिक व्यवस्था की है।

सत्य निकेतन में बचाव कार्य में जुटी टीम। फोटो: आर्काइव

सत्य निकेतन में बचाव कार्य में जुटी टीम। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. सत्य निकेतन हादसे के बाद डीयू ने छात्रों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की

  2. साउथ कैंपस के कॉलेजों में गद्दे और भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध

  3. सुरक्षा कारणों से कुछ कॉलेज बंद, छात्रों की जानकारी मांगी गई

लोकेश शर्मा, नई दिल्ली। सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद PG में लौटने से डर रहे छात्रों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय ने वैकल्पिक व्यवस्था की है।

साउथ कैंपस के कई कॉलेजों में जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के ठहरने का इंतजाम किया गया है। यहां गद्दे और भोजन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की तैयारी है।

satya niketan 9

PG में लौटने से डर रहे छात्रों को कॉलेजों में जगह

हादसे के बाद कई छात्र PG में वापस जाने को लेकर डरे हुए हैं और उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। ऐसे छात्रों की मदद के लिए डीयू ने साउथ कैंपस के कई कॉलेजों को अस्थायी ठहराव की व्यवस्था करने के लिए सक्रिय किया है।

डीयू साउथ कैंपस की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी के मुताबिक, साउथ कैंपस क्षेत्र में करीब 25 कॉलेज हैं। सत्य निकेतन के आसपास छह-सात कॉलेज हैं, इसलिए इन्हें प्रभावित छात्रों की मदद के लिए तैयार किया गया है।

श्री वेंकटेश्वर कॉलेज, मोतीलाल नेहरू कॉलेज, राम लाल आनंद कॉलेज, मैत्रेयी कॉलेज और जीसस एंड मैरी कॉलेज समेत कई कॉलेजों में छात्रों के रुकने की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर छात्र-छात्राएं कॉलेज के क्लासरूम में रात भी गुजार सकेंगे। क्लासरूम में गद्दे बिछाए गए हैं।

मांगी जा रही छात्रों की जानकारी

डीयू प्रशासन ने सभी संबंधित कॉलेजों से सत्य निकेतन हादसे से प्रभावित छात्रों की संख्या और जिन्हें तत्काल ठहरने की जरूरत है, उनकी जानकारी मांगी है। इसके आधार पर छात्रों को संबंधित कॉलेजों में जगह दी जाएगी। प्रो. रजनी अब्बी ने कहा कि फिलहाल छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन उनकी हर संभव मदद कर रहा है।

satya niketan 8

दो काॅलेजों को बंद रखने का फैसला 

श्री वेंकटेश्वर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. वी. रवि ने बताया कि कॉलेज अपने छात्रों के अलावा जरूरत पड़ने पर दूसरे संस्थानों की छात्राओं को भी ठहराने के लिए तैयार है। कॉलेज में बिस्तर और भोजन जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है।

सुरक्षा को देखते हुए श्री वेंकटेश्वर कॉलेज और आर्यभट्ट कॉलेज ने सोमवार को कॉलेज बंद रखने का फैसला किया है। दोनों संस्थानों की ओर से नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी गई है। यह फैसला आसपास के PG में रहने वाले छात्रों के बीच बनी असुरक्षा की भावना को देखते हुए लिया गया है।

हादसे के बाद सत्य निकेतन में पुरानी इमारतों को PG में बदलने और उनकी सुरक्षा जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हादसे वाली इमारत लंबे समय से खाली थी। पिछले वर्ष एक कंपनी ने इसे लीज पर लेकर रेनोवेशन के बाद PG शुरू किया था। इस वर्ष यहां रहने वाले छात्रों की संख्या भी बढ़ी थी।

यह भी पढ़ें- धूल-खून से सना चेहरा, मलबे में दबे छात्र की अटकी थीं सांसें... दिल्ली PG हादसे की दर्दनाक तस्वीरें

यह भी पढ़ें- दिल्ली में 5 मंजिल वाली इमारतें होंगी सील, नपेंगे अफसर; CM बोलीं- दिल्लीवालों की सुरक्षा से समझौता नहीं

यह भी पढ़ें- हिलती जमीन, चारों ओर धुएं का गुबार... दिल्ली सत्य निकेतन हादसे का CCTV फुटेज आया सामने

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।