सफदरजंग अस्पताल में दांत और जबड़ों की जटिल समस्या की जांच होगी आसान, शुरू हुई हाईटेक CBCT-OPG सुविधा
सफदरजंग अस्पताल के डेंटल सर्जरी विभाग में अब कोन बीम कंप्यूटेड टोमोग्राफी (सीबीसीटी) और आर्थोपैंटोमोग्राफी (ओपीजी) मशीनें शुरू हो गई ...और पढ़ें

अब दांत और जबड़े की जटिल समस्याओं की जांच होगी अधिक सटीक।
HighLights
सफदरजंग अस्पताल में सीबीसीटी और ओपीजी मशीनें शुरू हुईं।
दांत और जबड़े की जटिल समस्याओं की सटीक जांच संभव होगी।
मरीजों को बेहतर और तकनीक आधारित दंत चिकित्सा मिलेगी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। अब दांत और जबड़े की जटिल समस्याओं की अधिक सटीक जांच के साथ सर्जरी और उपचार की बेहतर योजना बनाई जा सकेगी। वर्धमान महावीर मेडिकल कालेज (वीएमएमसी) एवं सफदरजंग अस्पताल के डेंटल सर्जरी विभाग में अत्याधुनिक कोन बीम कंप्यूटेड टोमोग्राफी (सीबीसीटी) और आर्थोपैंटोमोग्राफी (ओपीजी) मशीन शुरू होने से मरीजों को यह सुविधा मिलेगी।
सीबीसीटी से दांत, जबड़े और आसपास की संरचनाओं की त्रिआयामी तस्वीर मिलेगी, जबकि ओपीजी से पूरे दांत और जबड़े की एक साथ विस्तृत तस्वीर प्राप्त की जा सकेगी।
नई मशीनों का उद्घाटन अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डा. चारु बाम्बा ने किया। यह सुविधा संस्थान की निदेशक डा. कविता शर्मा के नेतृत्व में शुरू की गई है। इस अवसर पर डेंटल सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डा. अनुराग जैन, संयुक्त निदेशक नीरज सचदेवा, वित्त अधिकारी अभय कुमार और उप निदेशक (प्रशासन) अमित कुमार मौजूद रहे।
जरूरत के अनुसार इलाज तय करने में मिलेगी मदद
डा. अनुराग जैन और स्टाफ सर्जन एनएफएसजी डा. शिवांगी मलेतिया ने नई मशीनों की उपयोगिता को लेकर जानकारी दी कि सीबीसीटी से जटिल दंत समस्याओं की पहचान और सर्जरी की सटीक योजना बनाने में मदद मिलेगी। इससे मरीज की जरूरत के अनुसार उपचार तय करना आसान होगा।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने नई सुविधा का निरीक्षण किया। मरीजों को मुंह और दांतों की देखभाल के प्रति जागरूक करने के लिए स्टाफ सर्जन डा. पारुल मुतनेजा ने बेहतर स्वास्थ्य के लिए टिप्स दी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह सुविधा मरीजों को बेहतर और तकनीक आधारित दंत चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
