विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में आज से खुल सकती है RTR फ्लाईओवर की बंद लेन, लोड टेस्ट सफल रहा तो मिलेगी राहत

Published: Mon, 26 Oct 2026 08:08 AM (IST)

दक्षिणी दिल्ली में राव तुला राम (आरटीआर) फ्लाईओवर की बंद लेन सोमवार को यातायात के लिए खुल सकती है, बशर्तें रविवार मध्य रात्रि को होने वाला लोड टेस्ट सफल रहे।

दक्षिणी दिल्ली में राव तुला राम (आरटीआर) फ्लाईओवर। जागरण

दक्षिणी दिल्ली में राव तुला राम (आरटीआर) फ्लाईओवर। जागरण

HighLights

  1. आरटीआर फ्लाईओवर की बंद लेन सोमवार को खुल सकती है।

  2. रविवार मध्य रात्रि को फ्लाईओवर का लोड टेस्ट होगा।

  3. दरारें मिलने के बाद पांच स्थानों पर मरम्मत हुई।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में राव तुला राम (आरटीआर) फ्लाईओवर की बंद लेन सोमवार को यातायात के लिए खोली जा सकती है। इसके लिए रविवार मध्य रात्रि को फ्लाईओवर का लोड टेस्ट किया जाएगा।

जांच के नतीजे अनुकूल रहने पर सोमवार से इस लेन पर यातायात शुरू करने की योजना है। हालांकि, सुरक्षा जांच में अधिक समय लगने या नतीजे आने में देरी होने पर वाहन चालकों को मंगलवार तक इंतजार करना पड़ सकता है।

5 स्थानों पर मरम्मत कार्य कराया

फ्लाईओवर की बसंत विहार की ओर जाने वाली लेन पर बुधवार को दो जगह दरारें मिलने के बाद यातायात बंद कर दिया गया था। इसके बाद निरीक्षण के दौरान तीन अन्य जगहों पर भी दरारें मिलीं। इस तरह कुल पांच स्थानों पर मरम्मत कार्य कराया गया है।

अब मरम्मत के बाद कंक्रीट की मजबूती जांचने के साथ फ्लाईओवर का लोड टेस्ट किया जाएगा। संरचनात्मक सलाहकार की देखरेख में होने वाली जांच के नतीजों के आधार पर फ्लाईओवर की सुरक्षा का आकलन किया जाएगा। इसके बाद ही लेन को यातायात के लिए खोलने का अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि फ्लाईओवर की मरम्मत के बाद कंक्रीट की मजबूती जांचने के लिए नमूनों का परीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा संरचनात्मक सलाहकार फ्लाईओवर का लोड टेस्ट करेंगे।

यह कार्य रविवार सोमवार की मध्य रात्रि में किया जाएगा। उसके बाद निर्णय लिया जाएगा कि इसे यातायात के लिए शुरू किया जाए या नहीं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि संभावना है कि इसे सोमवार को खोला जाए।

वैकल्पिक मार्गों पर बढ़ा वाहनों का दबाव

आरटीआर फ्लाईओवर की एक लेन बंद होने से गुरुग्राम से धौला कुआं की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यातायात को वैकल्पिक मार्गों से निकाले जाने के कारण आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-गुरुग्राम रूट वाले ध्यान दें! RTR फ्लाईओवर पर दरार से ट्रैफिक डायवर्ट, एडवाइजरी देख तय करें प्लान