दिल्ली में बड़े ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश, महिला सहित चार विदेशी गिरफ्तार
रोहिणी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने एक बड़े ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नाइजीरिया, युगांडा और सेनेगल के चार विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
-1792140555772_m.webp)
महिला समेत चार विदेशी नागरिक गिरफ्तार। AI जनरेटेड
HighLights
रोहिणी पुलिस ने विदेशी ड्रग्स सप्लाई चेन का किया भंडाफोड़।
नाइजीरिया, युगांडा, सेनेगल के चार नागरिक, एक महिला गिरफ्तार।
168 ग्राम कोकेन, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दिल्ली में रोहिणी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन का पर्दाफाश करते हुए नाइजीरिया, युगांडा और सेनेगल के चार विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 168 ग्राम कोकेन, 35,900 रुपये नकद, तोल मशीन और पैकिंग का सामान बरामद किया है। एक टीवीएस एनटार्क स्कूटी और मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।
सप्लाई से जुड़े नेटवर्क तक पहुंच बनाई
पुलिस के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में स्पेशल स्टाफ की टीम ने जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर कोकेन की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क तक पहुंच बनाई।
17 सितंबर 2026 को साउथ रोहिणी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआइआर दर्ज की गई थी। इस मामले में सेन फाये (33) को पकड़ा था। उसके कब्जे से 17 ग्राम कोकेन बरामद हुई।
600 रुपये भी जब्त किए
पुलिस ने एक टीवीएस एनटार्क स्कूटी, मोबाइल और 600 रुपये भी जब्त किए थे। जांच के दौरान आरोपी से मिली जानकारी और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू की।
पैकिंग का सामान बरामद
9 अक्टूबर 2026 को स्पेशल स्टाफ की टीम ने तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 151 ग्राम कोकेन, 35,300 रुपये नकद, तोल मशीनें और पैकिंग का सामान बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नाइजीरियाई नागरिक ओकोली इफेचुक्वु ब्राइट (35), युगांडा की नागरिक नसीमा अमीना उर्फ नालुबगा मरियम (35), नाइजीरियाई नागरिक उचेचुक्वु जान (35) और सेनेगल निवासी सेन फाये के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व और एसीपी आपरेशन अजमेर सिंह की निगरानी में की गई। टीम में एसआई करमबीर, हेड कॉन्स्टेबल मनजीत, प्रकाश, यशपाल, अमरजीत, अतुल, महिला कॉन्स्टेबल अनीता और सुजीत शामिल रहे।
जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। - शशांक जायसवाल, जिला पुलिस उपायुक्त, रोहिणी
यह भी पढ़ें- एनसीआर के कार मालिक हो जाएं सावधान, मिनटों में शीशे तोड़कर सामान चुराने वाले गैंग का पर्दाफाश
