विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

 रोहिणी में नशे के सौदागर पर शिकंजा, 92 प्रतिबंधित गोलियां और 26 इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार

By Sanjay KumarEdited By: Pooja Tripathi
Published: Tue, 24 Nov 2026 12:03 PM (GMT+05:30)

शाहबाद डेयरी पुलिस ने रोहिणी में नशीली दवाओं की खरीद-फरोख्त करने वाले एक आरोपी सुरेश को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 92 ब्यूप्रेनार्फिन और नालोक्सोन की गोलियां तथा 26 फेनिरामाइन मैलेट इंजेक्शन बरामद हुए हैं।

रोहिणी में नशीली दवाओं के साथ युवक गिरफ्तार। जागरण

रोहिणी में नशीली दवाओं के साथ युवक गिरफ्तार। जागरण

HighLights

  1. रोहिणी में नशीली दवाओं के साथ एक युवक गिरफ्तार।

  2. पुलिस ने 92 टैबलेट और 26 इंजेक्शन किए बरामद।

  3. आरोपी सुरेश पहले भी चोरी के मामले में संलिप्त।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बाहरी उत्तरी जिला के शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसके कब्जे से 92 ब्यूप्रेनार्फिन और नालोक्सोन की गोलियां तथा फेनिरामाइन मैलेट इंजेक्शन की 26 शीशियां बरामद की हैं। बरामद गोलियों का वजन 8.55 ग्राम है। पूछताछ में आरोपित की पहचान सुरेश (35) निवासी कैलाश विहार रोहिणी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, थाना शाहबाद डेयरी की टीम इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान रोहिणी सेक्टर-26 स्थित ग्राम सभा के पीछे खाली जमीन के पास एक युवक सुनहरे रंग का बैग लेकर दिखाई दिया।

बैग की तलाशी ली तो मिला ये सामान

पुलिसकर्मियों को वर्दी में देखकर वह तेजी से वहां से जाने लगा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। बैग की तलाशी लेने पर दो पारदर्शी पालीथिन मिलीं। इनमें से एक में गोलियां और दूसरी में इंजेक्शन की शीशियां रखी थीं।

पुलिस ने सभी सामान को नियमानुसार जब्त कर लिया। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित पहले बेगमपुर थाने में दर्ज चोरी के एक मामले में भी संलिप्त पाया गया था।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित नशीली दवाएं कहां से लाया था और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई शाहबाद डेयरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में तथा एसीपी बवाना गौरव सिंह की निगरानी में एसआई राम सिंह, एसआई घनश्याम, कांस्टेबल साहिल और कांस्टेबल वीरेंद्र की टीम ने की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।