विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बच्ची से यौन शोषण मामले में चार्जशीट देरी पर रोहिणी कोर्ट सख्त, पुलिस आयुक्त से मांगी रिपोर्ट

Published: Mon, 02 Mar 2026 10:41 PM (IST)

रोहिणी कोर्ट ने एक बच्ची के यौन उत्पीड़न मामले में चार्जशीट दाखिल करने में देरी पर नाराजगी जताई है। पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई विरोधाभासी रिपोर्टों पर कोर्ट ने दिल्ली पुलिस आयुक्त से अंतिम रिपोर्ट मांगी है। 

News Article Hero Image

HighLights

  1. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से दी गई अलग-अलग रिपोर्ट पर कोर्ट नाखुश

  2. कोर्ट ने कहा, चार्जशीट फाइल करने की समयावधि दो माह

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। नौ वर्षीय बच्ची के यौन उत्पीड़न मामले में चार्जशीट दाखिल करने में देरी पर रोहिणी कोर्ट ने नाखुशी जाहिर की है। इस मामले में दिल्ली पुलिस के अधिकारियों की ओर से अलग-अलग तथ्यों के साथ दो भिन्न स्टेट्स रिपोर्ट देने पर कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी की है और पुलिस आयुक्त से फाइनल रिपोर्ट मांगी है। कोर्ट ने तय समय में चार्जशीट फाइल न करने पर भी सफाई मांगी है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 13 मार्च को होगी।

पिछले साल 13 अगस्त को दर्ज हुई थी प्राथमिकी 

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (पोकसो) रजनी रंगा गत 27 फरवरी को यह आदेश दिया। बच्ची के यौन उत्पीड़न का आरोपित सीनियर मेडिकल आफिसर है और एक जाने-माने सरकारी संस्थान में अपनी सेवाएं भी दे चुका है। आरोप है कि उसने अपने पश्चिमी दिल्ली के आवास में कई बार बच्ची को यौन उत्पीड़न किया। आरोपित बच्ची की को जानता है। इस संबंध में पिछले साल 13 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज हुई थी।

न्यायाधीश ने इस बात पर नाखुशी जताई कि दो अलग-अलग पुलिस रिपोर्ट सामने आई हैं, जिनमें अलग-अलग बातें बताई गई थीं। ज्वाइंट कमिश्नर आफ पुलिस की रिपोर्ट में कहा गया कि कई पहलुओं पर जांच अभी भी पेंडिंग है, जिसमें पीड़िता की नानी की जांच, पीड़िता से जुड़े कागजात पर मेडिकल राय लेना और स्वतंत्र गवाहों को ढूंढना और उनकी जांच करना शामिल है।

पुलिस ने जांच पूरी करने के लिए कम से कम तीन हफ़्ते का समय मांगा। कोर्ट ने बाहरी जिले के एडिशनल डीसीपी की हस्ताक्षरयुक्त 19 फरवरी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इस मामले की फाइल जांच के लिए अभियोजन शाखा को भेज दी गई थी, और लोक अभियोजक की ओर से की गई आपत्तियों का आवश्यक जांच करके अनुपालन किया गया है।

कोर्ट ने कहा कि पिछली रिपोर्ट से साफ पता चलता है कि जांच पूरी हो गई है, जबकि बाद की रिपोर्ट से पता चला कि जरूरी बातें अभी भी लंबित हैं। कोर्ट ने कहा कि 19 फरवरी की रिपोर्ट में कहीं भी यह उल्लेख नहीं था कि आज दाखिल की गई रिपोर्ट में उल्लिखित किसी भी पहलू पर कोई जांच लंबित है।

महत्वपूर्ण बात यह है कि उक्त रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से बताया गया था कि जांच पूरी हो चुकी है और पुलिस रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। जबकि दाखिल की गई रिपोर्ट में एक नया तथ्य सामने आया है कि जांच अभी भी लंबित है, वह भी ऊपर उल्लिखित कई पहलुओं पर।

भारतीय न्याय संहिता के अनुसार कि पुलिस रिपोर्ट दो महीने के भीतर दाखिल की जाए, जबकि इस मामले में चार महीने से अधिक का समय बीत चुका है और अंतिम रिपोर्ट दाखिल नहीं की गई है।

कोर्ट ने कहा कि इन परिस्थितियों में पुलिस आयुक्त से एक निर्णायक व विस्तृत रिपोर्ट मंगाई जाए। आवेदक के वकील ने कहा कि बीएनएसएस के नियम के मुताबिक पुलिस रिपोर्ट दो महीने के अंदर फाइल करना जरूरी है और जबकि इस मामले में प्राथमिकी 13 अगस्त 2025 को दज्र हुई थी और चार महीने से ज्यादा समय बीत चुका है। जांच अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू किया जाए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।