'राहुल गांधी का नारी सम्मान देश देख रहा', महिला पत्रकार से धक्का-मुक्की पर CM रेख गुप्ता ने साधा निशाना
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गर्भवती पत्रकार ऋचा पाराशर के साथ कथित धक्का-मुक्की और अभद्रता को लेकर राहुल गांधी की निंदा की है।

सीएम रेखा गुप्ता ने राहुल गांधी पर साधा निशाना। फोटो: आर्काइव एवं इंटरनेट
HighLights
रेखा गुप्ता ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
गर्भवती पत्रकार ऋचा पाराशर ने आरोप लगाए
कांग्रेस ने आरोपों को राजनीतिक दुष्प्रचार बताया
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तीन माह की गर्भवती पत्रकार ऋचा पाराशर के साथ प्रदर्शन की कवरेज के दौरान धक्का-मुक्की और अभद्रता की निंदा करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है।
ऋचा ने आरोप लगाया है कि 12 अक्टूबर को दिल्ली में INDI गठबंधन के प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने उनका हाथ पकड़कर खींचा, जिसके बाद वह धक्का-मुक्की के बीच सीढ़ियों पर गिर गईं।
पत्रकार ने अपने कैमरापर्सन के साथ भी धक्का-मुक्की होने का आरोप लगाया है। घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
राहुल गांधी पर क्या हैं आरोप?
ऋचा पाराशर सुप्रीम कोर्ट परिसर में राहुल गांधी से प्रतिक्रिया लेने के लिए मौजूद थीं। उनका आरोप है कि जब वह अपना माइक आगे कर रही थीं, तब राहुल गांधी ने उनका हाथ पकड़कर खींचा।
इसके बाद हुई धक्का-मुक्की में वह गिर गईं और उनके कैमरापर्सन को भी धक्का लगा। ऋचा ने दावा किया कि इस घटना में उनका फोन भी टूट गया।
हालांकि, इस मामले में कांग्रेस ने आरोपों को खारिज किया है। कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीतिक दुष्प्रचार बताया है और कहा है कि सामने आए वीडियो में राहुल गांधी द्वारा पत्रकार को धक्का देने या खींचने की बात स्पष्ट रूप से स्थापित नहीं होती। ऐसे में घटना के पूरे क्रम की निष्पक्ष पुष्टि होना बाकी है।
रेखा गुप्ता ने कांग्रेस के महिला सम्मान पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने X पर अपने पोस्ट में लिखा कि तीन माह की गर्भवती महिला पत्रकार के साथ प्रदर्शन की कवरेज के दौरान मारपीट और अभद्रता घोर निंदनीय है। उन्होंने ऋचा की आपबीती का हवाला देते हुए कांग्रेस की कथनी और करनी पर सवाल उठाए।
रेखा गुप्ता ने कांग्रेस के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ जैसे नारे का जिक्र करते हुए कहा कि जब महिलाएं सवाल पूछने जाती हैं, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है और भद्दी गालियां दी जाती हैं। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया।
JNU के पूर्व प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद का मामला भी उठाया
मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम का भी उल्लेख किया, जिन पर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की 11 छात्राओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच के बाद उन्हें प्रोफेसर के पद से बर्खास्त किया गया और दिल्ली पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है। आरोपों से संबंधित पुलिस जांच जारी है।
रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने इस मामले पर मौन साध रखा है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से जुड़े महिला सम्मान के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी।
