दिल्ली में रामफल चौक की बदलेगी तस्वीर, 9 करोड़ से होंगे विकास कार्य; ट्रैफिक जाम और जलभराव से मिलेगी राहत
पश्चिमी दिल्ली के पालम विधानसभा क्षेत्र में रामफल चौक और आसपास के इलाकों के विकास कार्यों की औपचारिक शुरुआत हो गई है।
-1790931449384_m.webp)
द्वारका के रामफल चौक को मिलेगी ट्रैफिक जाम और जलभराव से मुक्ति। जागरण
HighLights
रामफल चौक पर 9 करोड़ के विकास कार्यों की शुरुआत।
डीडीए द्वारा नई सड़क, फुटपाथ और जल निकासी की मरम्मत।
सीवर लाइनें बिछाई जाएंगी, दिल्ली जल बोर्ड नई पाइपलाइन डालेगा।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पालम विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख व्यवसायिक व आवासीय केंद्र रामफल चौक और उसके आसपास के इलाकों की सूरत बदलने के लिए विकास कार्यों की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है।
बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और स्थानीय निवासियों व व्यापारियों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ देने के उद्देश्य से लगभग नौ करोड़ से यहां आवश्यक बुनियादी ढांचे का विकास होगा।
क्षेत्रीय सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी व पालम विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सोलंकी ने विकास कार्यों की आधारशिला रखी।
डीडीए बनाएगा नई सड़क
परियोजना के तहत डीडीए द्वारा ब्रह्मा अपार्टमेंट से लेकर सीसीआरटी तक करीब 7.5 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक व मजबूत नई सड़क का निर्माण किया जाएगा।
सड़क के साथ-साथ पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुटपाथ भी बनाए जाएंगे। साथ ही वर्षा के दिनों में होने वाले जलभराव की गंभीर समस्या से निपटने के लिए डीडीए के ड्रेन (नाले) की व्यापक मरम्मत व सुदृढ़ीकरण का कार्य भी इसी योजना का हिस्सा है।
सीवर और पानी की समस्या का स्थायी समाधान
क्षेत्र में लंबे समय से सीवर और पेयजल आपूर्ति की समस्याओं का सामना कर रहे निवासियों के लिए भी राहत की खबर है। जिन इलाकों में अब तक सीवर की व्यवस्था नहीं थी, वहां नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही, दिल्ली जल बोर्ड को पूरे क्षेत्र में पानी की नई और मजबूत पाइपलाइन डालने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि आने वाले समय में शुद्ध पेयजल की कोई किल्लत न हो।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
रामफल चौक पालम का सबसे व्यस्त बाजार माना जाता है, जहां रोजाना हजारों की संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। सड़क चौड़ीकरण और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन के चलते यहां लगने वाले लंबे जाम से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
बताया कि सड़क, फुटपाथ, ड्रेनेज, सीवर और पानी के इस समन्वित विकास कार्य से न केवल क्षेत्र का सुंदरीकरण होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी।
