दिल्ली में BJP सांसद के सरकारी आवास में चोरी, गटर का ढक्कन और बाथरूम की टोटी उड़ा ले गए चोर
राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के दिल्ली स्थित सरकारी आवास में चोरी हो गई। चोरों ने टैबलेट, अन्य ...और पढ़ें

बीजेपी से राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल। (फाइल फोटो)
HighLights
सांसद के दिल्ली स्थित सरकारी आवास में चोरों ने सेंध लगाई।
चोरों ने टैबलेट, बाथरूम की टोटी और गटर का ढक्कन चुराया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, आरोपियों की पहचान में जुटी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी के अति-सुरक्षित वीआइपी इलाके फिरोजशाह रोड स्थित राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के सरकारी आवास में चोरों ने सेंध लगा दी। कोठी नंबर-18 में हुई वारदात के दौरान आरोपित घर से टैबलेट और अन्य सामान चोरी करने के साथ ही बाथरूम की टोटी तक उखाड़कर ले गए। चोरों ने घर के बाहर लगा गटर का ढक्कन भी नहीं छोड़ा। वारदात के समय सांसद और उनका परिवार दिल्ली में नहीं था। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम बाराखंभा रोड थाना पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से सरकारी आवास में चोरी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिसर की जांच शुरू की। मामला सांसद के सरकारी आवास से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने घटनास्थल पर फारेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
चोरी के सामान की पूरी सूची तैयार नहीं
शुरुआती जांच में पता चला है कि चोर घर के अंदर से टैबलेट, कुछ जरूरी सामान और बाथरूम की टोटी चोरी कर ले गए। इसके अलावा घर के बाहर लगा गटर का ढक्कन भी गायब मिला। हालांकि, चोरी गए सामान की पूरी सूची अभी तैयार नहीं हो सकी है। सांसद के परिवार के सदस्य रविवार रात तक दिल्ली पहुंचेंगे। उनके आने के बाद घर की विस्तृत जांच और सामान का मिलान किया जाएगा। इसके बाद ही चोरी गए सामान की सही संख्या और कीमत का पता चल सकेगा।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपित किस रास्ते से परिसर में दाखिल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और क्या चोरी से पहले सरकारी आवास की रेकी की गई थी।
अलग-अलग पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस
गटर का ढक्कन और बाथरूम की टोटी तक चोरी किए जाने को लेकर पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस सीपीडब्ल्यूडी अधिकारियों से भी संपर्क कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन सामानों को ले जाने के पीछे आरोपितों का क्या मकसद था। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान में जुटी है।
