विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘द साइलेंट गार्जियन...’ राहुल गांधी बने ‘बैटमैन’, कांग्रेस मुख्यालय के बाहर लगे पोस्टर ने बढ़ाई सियासी हलचल

Published: Sun, 23 Aug 2026 03:57 PM (IST)

कांग्रेस मुख्यालय के बाहर राहुल गांधी को 'रियल लाइफ बैटमैन' दर्शाते पोस्टर लगाए गए हैं, जो सोशल मीडिया पर उनकी ...और पढ़ें

HighLights

  1. कांग्रेस मुख्यालय पर राहुल गांधी के बैटमैन पोस्टर लगे।

  2. सोशल मीडिया पर राहुल की बैटमैन छवि बनी चर्चा का विषय।

  3. युवाओं से जुड़ने के लिए डिजिटल संवाद कर रहे हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर लगे पोस्टरों ने शनिवार को राजनीतिक हलकों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी ध्यान खींचा। इन पोस्टरों में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘रियल लाइफ बैटमैन’ के रूप में पेश किया गया है।

पोस्टर पर लिखा है, “द साइलेंट गार्जियन, ए वॉचफुल प्रोटेक्टर। LoP राहुल गांधी, द रियल लाइफ बैटमैन।”

दरअसल, राहुल गांधी की ‘बैटमैन’ वाली छवि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर चर्चा में रही है। इस महीने की शुरुआत में राहुल गांधी ने युवाओं और खासकर Gen-Z से सीधे संवाद के लिए इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन किया था। इसमें उनसे शिक्षा, छात्र आंदोलनों, राजनीति और दर्शन समेत कई मुद्दों पर सवाल पूछे गए।

‘क्या आप बैटमैन हैं?’ सवाल पर राहुल का मजेदार जवाब

सेशन के दौरान एक यूजर ने राहुल गांधी से सीधे सवाल किया, “क्या आप बैटमैन हैं?” राहुल ने भी सवाल को गंभीरता से लेने के बजाय मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “बस इतना कह सकते हैं कि किसी ने कभी मुझे और बैटमैन को एक ही कमरे में नहीं देखा है।”

इसके बाद कांग्रेस ने इस बातचीत के कुछ वीडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर साझा किए। राहुल गांधी का बारिश में खड़े होकर वीडियो पोस्ट करना और उसके बैकग्राउंड में ‘द डार्क नाइट’ की थीम का इस्तेमाल इस पूरे संदर्भ को और चर्चा में ले आया। इसके बाद सोशल मीडिया पर राहुल की तुलना काल्पनिक सुपरहीरो बैटमैन से करने वाले मीम और पोस्ट तेजी से सामने आए।

युवाओं से सीधे जुड़ने की कोशिश

राहुल गांधी का Gen-Z के साथ यह डिजिटल संवाद ऐसे समय में हुआ है, जब राजनीतिक दल और नेता युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए सोशल मीडिया को तेजी से इस्तेमाल कर रहे हैं। इंस्टाग्राम और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सीधे संवाद को राजनीतिक संचार का अहम माध्यम माना जा रहा है।

साहिल लोचब के समर्थन में थाने के बाहर किया प्रदर्शन

राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर करीब पांच घंटे तक धरने पर भी बैठे। वह 19 वर्षीय साहिल लोचब के लिए एफआईआर और न्याय की मांग कर रहे थे। साहिल को 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में छर्रे लगने से चोटें आई थीं।

राहुल गांधी करीब 11:30 बजे साहिल लोचब, उसकी मां और वकील के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। बाद में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी के अन्य नेता भी वहां पहुंचे। राहुल ने डीसीपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी मुलाकात की। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया।

यह भी पढ़ें- नेहा राठौर के समर्थन में उतरे राहुल गांधी, बोले- मैं भी नहीं सुधर रहा हूं, आलोचनाओं से क्या डरना

यह भी पढ़ें- 'सांस्कृतिक शॉक केवल लड़कियों की गाली से लगा', पुणे में पीएम मोदी पर जमकर बरसे राहुल गांधी