विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में राहुल-प्रियंका समेत कई नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज, आकाशवाणी कार्यालय में जबरन घुसने का आरोप

Published: Wed, 07 Oct 2026 10:12 AM (GMT+05:30)Updated: Wed, 07 Oct 2026 10:20 AM (GMT+05:30)

दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं के खिलाफ आकाशवाणी भवन में बिना अनुमति प्रवेश करने ...और पढ़ें

मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध में संसद भवन से प्रदर्शन मार्च के दौरान मंगलवार को आकाशवाणी भवन परिसर में पेड़ के नीचे बैठे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा व अन्य सांसद। हरीश कुमार

मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध में संसद भवन से प्रदर्शन मार्च के दौरान मंगलवार को आकाशवाणी भवन परिसर में पेड़ के नीचे बैठे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा व अन्य सांसद। हरीश कुमार

HighLights

  1. राहुल-प्रियंका समेत विपक्षी नेताओं पर एफआईआर दर्ज।

  2. आकाशवाणी भवन में बिना अनुमति प्रवेश का आरोप।

  3. चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान घटना।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन के परिसर में बिना अनुमति के दाखिल होने और वहां धरना देने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कड़ा संज्ञान लिया है। पुलिस ने बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और विपक्षी दलों के गठबंधन के कई अन्य सांसदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

बिना अनुमति मार्च और पुलिस बैरिकेड्स तोड़ना

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मंगलवार को संसद भवन से निर्वाचन सदन (चुनाव आयोग मुख्यालय) तक विरोध मार्च निकालने की योजना बनाई थी। पुलिस का कहना है कि इस प्रस्तावित प्रदर्शन और मार्च के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी और न ही अनुमति दी गई थी। जब प्रदर्शनकारियों को चुनाव आयोग कार्यालय के पास बैरिकेड्स लगाकर रोका गया, तो कई नेता और सांसद वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए थे।

आकाशवाणी भवन परिसर में जबरदस्ती प्रवेश

पुलिस का आरोप है कि रोके जाने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अन्य विपक्षी सांसदों और सुरक्षाकर्मियों के साथ संसद मार्ग स्थित आकाशवाणी भवन के परिसर में बिना किसी पूर्व अनुमति के घुस गए। आकाशवाणी भवन के अंदर दाखिल होकर नेताओं ने परिसर के भीतर ही धरना शुरू कर दिया। यह धरना लगभग आठ घंटे से अधिक समय तक चला।

लगभग 8 घंटे तक चला धरना, देर रात मिली रिहाई

आकाशवाणी भवन के अंदर चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद दिल्ली पुलिस ने परिसर को खाली कराने के लिए कार्रवाई की और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, के.सी. वेणुगोपाल और अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद नेताओं को किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइंस ले जाया गया। देर रात 10 बजे के बाद पुलिस ने सभी नेताओं को रिहा कर दिया।

पुलिस की दलील और मामला दर्ज

दिल्ली पुलिस का कहना है कि एक संवेदनशील और प्रतिबंधित सरकारी इमारत के परिसर में बिना अनुमति प्रवेश करना और प्रदर्शन करना नियमों का उल्लंघन है। इसी के तहत कानून व्यवस्था के उल्लंघन और अनधिकृत प्रवेश के संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

(पीटीआई एवं एएनआई के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी की हिरासत पर भड़की हिमाचल कांग्रेस, आज शिमला में लोकभवन का घेराव; CM और प्रदेश अध्यक्ष भी रहेंगे मौजूद

यह भी पढ़ें- CEC पर राहुल गांधी का मेगा प्रोटेस्ट, मार्च से हिरासत और रिहाई तक क्या-क्या हुआ?