PM आवास के पास बनी ऐतिहासिक मस्जिद पर बड़ा एक्शन, LNDO ने दिया नोटिस; 6 दिन में करना है खाली
प्रधानमंत्री आवास के समीप स्थित रेस कोर्स मस्जिद को भूमि एवं विकास कार्यालय ने अवैध घोषित कर खाली करने का ...और पढ़ें

पीएम आवास के पास रेस कोर्स मस्जिद परिसर। फोटो: इंटरनेट
HighLights
रेस कोर्स मस्जिद को एलएनडीओ ने अवैध घोषित किया।
मस्जिद खाली करने और बिजली-पानी काटने का निर्देश।
जमीयत ने किरेन रिजिजू से हस्तक्षेप की अपील की।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री आवास के समीप स्थित रेस कोर्स मस्जिद को भूमि एवं विकास कार्यालय (एलएनडीओ) द्वारा अवैध घोषित करते हुए नोटिस जारी किया गया है।
जिसमें मस्जिद परिसर को छह दिनों के भीतर खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई के तहत मस्जिद की बिजली और पानी की आपूर्ति भी काट दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि यह संपत्ति सरकारी जमीन पर बनी है, जबकि इसे वक्फ संपत्ति के रूप में दर्शाया गया है।
मस्जिद के संरक्षण के लिए मंत्री से मुलाकात
इस कार्रवाई के विरोध में जमीयत उलेमा-ए-हिंद के महासचिव मौलाना मुहम्मद हकीमुद्दीन कासमी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जमीयत के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी की ओर से एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें मस्जिद और उससे सटे कब्रिस्तान के ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व का हवाला देते हुए उनके संरक्षण के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई।
ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने की मांग
ज्ञापन में जमीयत ने दावा किया कि यह स्थल एनडीएमसी की हेरिटेज सूची वर्ष 1977 के दिल्ली गजट और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की संशोधित सूची में दर्ज है।
जमीयत ने मांग की है कि दिल्ली वक्फ बोर्ड और एनडीएमसी से रिपोर्ट तलब की जाए तथा पूरी कानूनी प्रक्रिया के बिना किसी भी तरह के ध्वस्तीकरण पर रोक लगाई जाए।
साथ ही, नमाजियों की आवाजाही और बिजली-पानी की सुविधाएं बहाल करने का अनुरोध किया गया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए मामले में हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में ऊंची इमारतों में एंटी-स्मॉग गन अनिवार्य, उल्लंघन पर होगा एक्शन; प्रदूषण को लेकर सरकार सख्त
