दक्षिण-पश्चिम दिल्ली को जाम से मिलेगी राहत! महिपालपुर-बिजवासन के बीच बनेगा नया फ्लाईओवर, PWD जल्द कराएगा अध्ययन
पीडब्ल्यूडी दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में एनएच-48 (महिपालपुर) और बिजवासन रेलवे ओवरब्रिज के बीच एक नए फ्लाईओवर के लिए व्यवहार्यता अध्ययन करेगा। ...और पढ़ें

नए फ्लाईओवर से दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में दूर होगी जाम की समस्या। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एनएच-48 (महिपालपुर के पास) और बिजवासन रेलवे ओवरब्रिज के बीच एक फ्लाईओवर बनाने के लिए व्यवहार्यता अध्ययन करने की तैयारी में है। पीडब्ल्यूडी जल्द ही अध्ययन करने के लिए एक एजेंसी नियुक्त करेगा।
इस परियोजना का उद्देश्य दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में भीड़भाड़ कम करना और यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर तक वैकल्पिक कनेक्टिविटी प्रदान करना है। इस योजना के तहत दिल्ली सरकार एनएच-48 और द्वारका एक्सप्रेसवे के बीच नजफगढ़-कपासहेड़ा रोड के लगभग 5.5 किलोमीटर लंबे हिस्से में भीड़भाड़ कम करने की योजना बना रही है।
नजफगढ़-कपासहेड़ा रोड समालखा के पास से शुरू होता है और भरथल, बिजवासन, सेक्टर-28 और छावला से होकर नजफगढ़ तक पहुंचता है।
नाकाफी साबित हो रहा 800 मीटर लंबा फ्लाईओवर
नजफगढ़-कापसहेड़ा रोड की कुल लंबाई लगभग 15-16 किलोमीटर है। इसका सबसे अधिक भीड़भाड़ वाला हिस्सा एनएच-48 (महिपालपुर के पास) और बिजवासन रेलवे ओवरब्रिज के बीच है। नजफगढ़-कापसहेड़ा रोड ओल्ड दिल्ली-गुड़गांव रोड से भी जुड़ती है।
यह भी पढ़ें- क्लोन एक्सप्रेस में यात्री की तबीयत बिगड़ी, अछल्दा स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन...चिकित्सक पहुंचे फिर भी न बच सकी जान
बिजवासन रेलवे स्टेशन के पास स्थित चार लेन का 800 मीटर लंबा बिजवासन फ्लाईओवर यातायात की वर्तमान जरूरत को देखते हुए नाकाफी साबित हो रहा है। पिछले 10-12 वर्षों से इस मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
इससे इस इलाके में यातायात जाम की स्थिति बढ़ गई है। परियोजना पूरी हो जाने पर वाहन चालकों के पास द्वारका के विभिन्न सेक्टरों तक पहुंचने के लिए एनएच-48 और द्वारका एक्सप्रेसवे के अलावा एक वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा।
द्वारका की ओर जाने वाले वाहन चालकों के पास महिपालपुर से नजफगढ़-कापसहेड़ा रोड के साथ साथ फ्लाईओवर के माध्यम से यशोभूमि, सेक्टर-28, पोचनपुर और द्वारका के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने का विकल्प होगा।
एनएच-48 से पहले द्वारका-बाध्य यातायात को मोड़ना भी राजमार्ग के लगभग 1.5 किलोमीटर हिस्से पर यातायात भीड़भाड़ को कम करेगा। इससे व्यस्त समय के दौरान राजमार्ग के इस हिस्से पर अनुभव होने वाले यातायात जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी।
नए के साथ पुराने के विस्तार की भी तैयारी
नए फ्लाईओवर के अलावा पीडब्ल्यूडी बिजवासन में मौजूदा फ्लाईओवर को लगभग 1.5 किलोमीटर तक बढ़ाने की भी योजना बना रहा है।
प्रस्तावित फ्लाईओवर बिजवासन रेलवे स्टेशन के चल रहे पुनर्विकास के मद्देनजर भी महत्वपूर्ण है। जिसे केंद्र सरकार एक प्रमुख परिवहन हब बना रही है। इसका उद्देश्य दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भीड़भाड़ कम करना है।
इलाके के विधायक व दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री कैलाश गहलोत ने इस परियोजना को अत्यंत जरूरी बताते हुए दिल्ली सरकार से इस परियाेजना पर जल्द काम शुरू करने का आग्रह किया है। अधिकारियों ने बताया कि गहलोत के अनुरोध के चलते उनसे इस परियोजना पर काम जल्द शुरू कर देने के लिए कहा गया है।
