Move to Jagran APP

सफाईकर्मियों की हड़ताल से यमुनापार कूड़े के ढेर में तब्दील

पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारी पिछले आठ दिनों से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, कर्मचारियों की हड़ताल के कारण यमुनापार कूड़े के ढेर में तब्दील हो गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग गंदगी के डर से अपने घरों से निकलने में घबरा रहे हैं। अगर लोग निकल भी रहे हैं मुं

By JagranEdited By: Published: Wed, 19 Sep 2018 10:46 PM (IST)Updated: Wed, 19 Sep 2018 10:46 PM (IST)
सफाईकर्मियों की हड़ताल से यमुनापार कूड़े के ढेर में तब्दील

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारी मांगों को लेकर आठ दिन से हड़ताल पर हैं। इस कारण यमुनापार कूड़े के ढेर में तब्दील हो गया है। लोग गंदगी के डर से घरों से निकलने में घबरा रहे हैं। अगर लोग निकल भी रहे हैं तो मुंह पर मास्क बांधकर, क्योंकि बदबू से बुरा हाल है। कई मुख्य मार्गो पर तो कूड़े के कारण एक मार्ग को ही बंद करना पड़ा है।

loksabha election banner

अगर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी रही तो आने वाले शुक्रवार को मुहर्रम का जुलूस व गणेश विसर्जन इसी गंदगी के बीच करना पड़ेगा। इसको लेकर दोनों समुदाय के लोगों में काफी रोष है। मुहर्रम व विसर्जन में केवल एक दिन बचा है। ऐसे में न तो निगम और न ही दिल्ली सरकार स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं कि हड़ताल कब खत्म होगी। लोगों का आरोप है कि सरकार व निगम की लड़ाई में कर्मचारी हड़ताल कर देते हैं और इसका खामियाजा आम जनता को गंदगी में रहकर चुकाना पड़ता है। पहले कर्मचारी निगम को हड़ताल की चेतावनी देते होंगे, लेकिन निगम के नेता व अधिकारी वैकल्पिक व्यवस्था करने की जगह हाथ पर हाथ रखकर हड़ताल खत्म होने का इंतजार करते हैं। गंदगी से होने वाली परेशानी को लेकर लोग अपनी भड़ास सोशल मीडिया के जरिये निकाल रहे हैं।

कूड़े से पट गई ब्रह्मापुरी व यमुनापार विहार रोड

ब्रह्मापुरी मेन रोड का एक मार्ग कूड़े के ढेर के कारण बंद हो गया है। एक ही मार्ग पर दोनों ओर के वाहन चल रहे हैं। कूड़े के ढेर के कारण लोग घंटों जाम में फंस रहे हैं। बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं, न ही ऑफिस जाने वाले लोग। कुछ ऐसा ही हाल यमुना विहार रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास है। यहां से चंद कदमों की दूरी पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी और जोन चेयरमैन प्रमोद गुप्ता का कार्यालय है। सड़क पर कूड़ा इतना ज्यादा है कि वाहन चलाने में चालकों की हालत खराब हो रही है। स्थानीय निवासी वसीम अलवी ने बताया कि इस जगह से कूड़ा हटाने के लिए लोगों ने रात भर जागकर पहरेदारी की है, लेकिन जब से हड़ताल हुई तब से यहां पर कूड़े का अंबार लग गया है।

निजी सफाई कर्मचारियों की हुई चांदी

लोग गंदगी से इतने आजिज आ चुके हैं कि मोहल्ले के लोग आपस में पैसे जमा करके निजी सफाई कर्मचारियों से कूड़ा उठवा रहे हैं, वहीं निजी सफाई कर्मचारी भी हड़ताल का पूरा फायदा उठा रहे हैं। वे लोगों से मुंह मांगे पैसे वसूल रहे हैं। लोग मजबूरी में पैसे दे भी रहे हैं, क्योंकि उन्हें गंदगी से निजात चाहिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.