IGI एयरपोर्ट से पकड़ी गई रिटायर्ड अधिकारी की बेटी 'पूनम जेजलर', जर्मनी की नागरिकता के नाम पर 60 लाख की ठगी
दिल्ली पुलिस ने जर्मनी की नागरिकता दिलाने के नाम पर 60 लाख रुपये की ठगी करने वाली पूनम जेजलर को आईजीआई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
पूनम जेजलर जर्मनी नागरिकता दिलाने के नाम पर ठगी में गिरफ्तार।
आईजीआई एयरपोर्ट से विदेश भागने की कोशिश करते पकड़ी गई।
60 लाख की ठगी, लुकआउट सर्कुलर पर गिरफ्तारी।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने जर्मनी की नागरिकता दिलाने के नाम पर 60 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक पूर्व नौकरशाह की बेटी पूनम जेजलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला खुद को मध्य प्रदेश के पूर्व कानून सचिव की बेटी बताती है।
पुलिस ने उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उस वक्त हिरासत में लिया, जब वह विदेश भागने की फिराक में थी। आरोपी के खिलाफ पहले से ही लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। ठगी के इस मामले की एफआईआर पिछले साल वसंत कुंज थाने में दर्ज की गई थी।
अलग-अलग किश्तों में ऐंठे 60 लाख रुपये
शिकायतकर्ता के अनुसार, पूनम जेजलर ने खुद को स्विट्जरलैंड की एक रसूखदार हस्ती और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स स्विट्जरलैंड की अध्यक्ष के रूप में पेश किया था। उसने पीड़ित को झांसा दिया कि उसके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े रसूखदार संबंध हैं।
आरोपी महिला ने पीड़ित को बेहद आसान प्रक्रिया से जर्मनी की नागरिकता और वहां का पासपोर्ट दिलाने का लालच दिया। इस काम के बदले उसने अलग-अलग किश्तों में कुल 60 लाख रुपये ऐंठ लिए। पैसे मिलने के बाद जब पीड़ित ने अपने पासपोर्ट और नागरिकता के स्टेटस के बारे में पूछना शुरू किया, तो पूनम टालमटोल करने लगी।
काफी समय बीत जाने पर हुआ ठगी का अहसास
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब कोई काम नहीं हुआ, तो पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। उसने अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी महिला ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां देने लगी। परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।
