विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उड़ान संख्या AI 2428 में हाई-वोल्टेज ड्रामा, प्लेन में घुसी दिल्ली पुलिस; 20 मिनट तक फंसे रहे यात्री

Published: Sat, 10 Oct 2026 07:27 PM (IST)

मुंबई से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान AI 2428 में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके और ...और पढ़ें

फ्लाइट के अंदर डिटेन हुए अभिजीत दीपके, जागरण।

फ्लाइट के अंदर डिटेन हुए अभिजीत दीपके, जागरण।

HighLights

  1. एअर इंडिया AI 2428 में पुलिस का केबिन में प्रवेश।

  2. CJP नेताओं के कारण 20 मिनट तक यात्री फंसे।

  3. विमान में गूंजे इंकलाब जिंदाबाद और भारत माता के नारे।

गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। मुंबई से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआइ 2428 पर शनिवार को हर किसी की निगाहें टिकी हुई थीं। आइजीआइ एयरपोर्ट के अंदर और बाहर मौजूद लोग, सुरक्षा कर्मी और मीडियाकर्मी लगातार फ्लाइट ट्रैकर ऐप्स पर इस उड़ान की लोकेशन ट्रैक कर यह पता लगाने की कोशिश में जुटे थे कि आखिरकार यह विमान कब लैंड करेगा।

विमान ने तय समय पर आइजीआइ एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर लैंड किया, जिसके बाद लोग बेसब्री से उस पल का इंतजार करने लगे जब इसमें सवार कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके साथी (सौरव दास व आशुतोष रंका) बाहर निकलेंगे। हालांकि, विमान के लैंड होते ही संशय खत्म होने के बजाय और गहरा गया।

लैंडिंग के बाद केबिन में बढ़ा ड्रामा

एआइ 2428 जैसे ही रनवे से आकर एप्रन पर रुका, दिल्ली पुलिस के अधिकारी और जवान यात्रियों के बाहर निकलने से पहले ही सीधे केबिन के अंदर दाखिल हो गए। पुलिस को सामने देख अभिजीत दिपके ने विरोध जताया। इसी कहासुनी के बीच विमान के अंदर ही इंकलाब जिंदाबाद और भारत माता की जय के नारे गूंजने लगे।

इस दौरान विमान में सवार यात्रियों को लैंडिंग के बावजूद करीब 20 मिनट तक अपनी सीटों पर ही फंसे रहना पड़ा। आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कुछ यात्रियों ने वीडियो बनाने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोका और कुछ लोगों का वीडियो डिलीट तक करवा दिया गया। हालांकि कुछ लोगों के वीडियो सुरक्षित रहे।

टर्मिनल 3 पर छिड़ी अनोखी बहस

यात्रियों ने बताया कि बाद में पुलिस तीनों नेताओं को विमान से उतारकर एक अलग बस में बैठाकर ले गई, जिसके बाद ही सभी को बाहर निकलने की अनुमति मिली। विमान के भीतर का ड्रामा खत्म होने के बाद जब यात्री अराइवल हाल और टर्मिनल-3 से बाहर निकले, तो माहौल काफी गर्म नजर आया।

एक तरफ जहां 20 मिनट की अवांछित देरी से सह-यात्री परेशान और खफा दिखे, वहीं दूसरी ओर वहां मौजूद लोगों के बीच इस बात को लेकर तीखी बहस छिड़ गई कि अभिजीत और उनके साथी आखिर किस श्रेणी की सीट पर सवार थे, इकोनामी या बिजनेस क्लास। कुछ लोगों ने कहा कि वे बिजनेस क्लास में थे, तो वहीं मौजूद कुछ लोगों ने इसे गलत करार दिया और कहा आप दुष्प्रचार करने से बचें।

यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर पर CJP के धरने का ट्रेनों पर आज भी असर, नई दिल्ली से नहीं चलेंगी हावड़ा-सियालदह राजधानी