स्वनिधि सम्मान 2026: मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश रहे अव्वल; केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने बांटे पुरस्कार
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 'स्वनिधि सम्मान 2026' प्रदान किए, जिसमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश को पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स के उत्थान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस समारोह में राज्यों, शहरों और बैंकों को उनके योगदान के लिए 52 पुरस्कार और 5 विशेष सम्मान दिए गए, जिसमें एसबीआई को ऋण वितरण में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सराहा गया।
-1795191334565_m.webp)
HighLights
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने स्वनिधि सम्मान 2026 प्रदान किए।
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश रहे योजना में अव्वल।
एसबीआई ने स्ट्रीट वेंडर्स को सबसे ज्यादा लोन दिए।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने 20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 'स्वनिधि सम्मान 2026' (SVANidhi Samman Awards) प्रदान किए। यह पुरस्कार रेहड़ी-पटरी वालों (स्ट्रीट वेंडर्स) के जीवन स्तर को सुधारने और उन्हें पीएम स्वनिधि योजना (PM SVANidhi Scheme) के तहत आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में शानदार काम करने वाले राज्यों, शहरों और बैंकों को दिया गया है। इस अवसर पर राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित थे। पुरस्कार समारोह में 52 पुरस्कार और 5 विशेष सम्मान दिए गए।
इन राज्यों का रहा दबदबा
योजना को शानदार तरीके से लागू करने और ज्यादा से ज्यादा स्ट्रीट वेंडर्स तक इसका लाभ पहुंचाने में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश सबसे आगे रहे। वहीं, पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों की श्रेणी में असम, सिक्किम, मिजोरम और त्रिपुरा को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
- तेजी से आगे बढ़ने वाले राज्य (Fastest Mover): छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशा।
- विशेष अभियान के लिए: आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान।
- शहरों का प्रदर्शन: विभिन्न श्रेणियों में कई शहरों ने भी बेहतरीन काम किया है:
- लोन प्रदर्शन (मेगा शहर): इंदौर (मध्य प्रदेश), अहमदाबाद (गुजरात), और छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र)।
- 'स्वनिधि से समृद्धि': प्रयागराज और वाराणसी (यूपी) सबसे आगे रहे।
डिजिटल लेनदेन
मेरठ और गाजियाबाद (यूपी) बड़े शहरों में अव्वल रहे। वहीं, छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बड़े बचेली जैसे कस्बों (पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्र) को भी डिजिटल लेनदेन में शानदार प्रदर्शन के लिए अवार्ड मिला।
इन बैंकों ने दिया सबसे ज्यादा लोन
योजना के तहत रेहड़ी-पटरी वालों को आसान लोन देने में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का प्रदर्शन ओवरऑल सबसे अच्छा रहा। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और यूनियन बैंक को भी बेहतर लोन वितरण के लिए सम्मानित किया गया।
"स्ट्रीट वेंडर्स नहीं, 'स्ट्रीट वंडर्स' हैं"
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने रेहड़ी-पटरी वालों की मेहनत और जज्बे की तारीफ करते हुए उन्हें 'स्ट्रीट वंडर्स' (Street Wonders) कहा। उन्होंने कहा, "पीएम स्वनिधि योजना ने मेहनतकश स्ट्रीट वेंडर्स को छोटे लोन से लेकर बड़े बैंक क्रेडिट तक पहुंचने और अपना व्यवसाय बढ़ाने में मदद की है, जिससे समाज में उनका सम्मान बढ़ा है।"
कार्यक्रम में राज्य मंत्री तोखन साहू ने विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ चुके हैं, जो सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का ही परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित रहे इलाकों (दंतेवाड़ा आदि) को अवार्ड मिलने पर खुशी जताई।
क्या है पीएम स्वनिधि योजना?
जून 2020 में शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक करीब 81 लाख रेहड़ी-पटरी वालों को लगभग ₹20,000 करोड़ के 1.21 करोड़ से ज्यादा लोन दिए जा चुके हैं। अगस्त 2025 में योजना में कुछ नए बदलाव किए गए थे, जिसके बाद स्ट्रीट वेंडर्स को ₹30,000 तक की क्रेडिट लिमिट वाला यूपीआई लिंक्ड रुपे क्रेडिट कार्ड भी दिया जा रहा है। साथ ही, 'स्वनिधि से समृद्धि' कार्यक्रम के तहत 52 लाख से ज्यादा वेंडर परिवारों को 8 अन्य केंद्रीय योजनाओं का लाभ भी दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।