रॉन्ग साइड वाहन, रेस्ट एरिया नहीं...पहले ही दिन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर टूटते दिखे नियम, खड़े हो रहे सवाल
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया गया। दैनिक जागरण की टीम ने निरीक्षण में पाया कि पहले ही ...और पढ़ें

पीएम मोदी ने किया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण। (AI Generated Image)
HighLights
एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा में दौड़ते दिखे वाहन
दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध के बावजूद आवाजाही
रेस्ट एरिया और टोल दरें अभी तक निर्धारित नहीं
सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया, इस कार्यक्रम के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने काफि तैयारियां की थीं।
दैनिक जागरण की टीम ने दिल्ली से लेकर बागपत तक का एक्सप्रेसवे का जायजा लिया तो जगह-जगह नियम टूटते दिखाई दिए। दिल्ली के साथ ही लोनी, मंडोला और बागपत पर गलत दिशा से वाहन दौड़ते दिखाई दिए।
यह भी सामने आया कि दुर्घटना के दौरान मदद के लिए एंबुलेंस तो तैयार है लेकिन रेस्ट एरिया के लिए अभी लोगों को इंतजार करना होगा।
रेस्टिंग एरिया का इंतजार
एक्सप्रेसवे पर अभी तक रेस्ट एरिया नहीं बनाए गए हैं। एनएचएआइ अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में दिल्ली से देहरादून तक 12 स्थानों पर रेस्ट एरिया बनाने का प्लान है लेकिन अभी तक इनका निर्माण शुरू नहीं हो सका है।
दो रेस्ट एरिया गांधी नगर के पास ही बनाए जाने हैं। उधर, एक्सप्रेसवे को फाइनल टच देने के लिए एक मेंटेनेंस टीम एक्सपेंशन ज्वाइंट की जांच और मरम्मत करती दिखाई दी।
हर एंट्री प्वाइंट पर टूटते दिखे नियम
गांधी नगर से लेकर बागपत तक वाहनचालक नियम तोड़ते नजर आए। दोपहिया वाहनों पर रोक के बावजूद वाहनचालक दौड़ते दिखाई दिए। इतना ही नहीं, गांधी नगर, खजूरी खास, आरएएफ कैंप, लोनी और मंडोला आवास विकास पर गलत दिशा से आते वाहन हादसों को दावत देते दिखे।
खजूरी पुश्ता के पास तो एक गलत दिशा से आ रहे मालवाहक ने बाइकसवार युवकों को टक्कर मार दी। एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित चालक को धर दबोचा।
टोल गेट पर अंकित नहीं हुआ शुल्क
एनएचएआइ ने दिल्ली से देहरादून तक संभावित टोल की घोषणा तो कर दी है लेकिन अभी तक शुल्क निर्धारित कर टोल गेट पर अंकित नहीं की हैं। एनएचएआइ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि टोल की दरें जल्द ही फाइनल कर अंकित की जाएंगीं।
अभी एक्सप्रेसवे को पूरी तरह से आपरेशनल करना हमारी प्राथमिकता है। जल्द ही टोल पर दरें वाहनचालकों को दिखाई देंगीं। बता दें कि एनएचएआइ ने संभावित दरों की जो घोषणा की थी उसके अनुसार दिल्ली से देहरादून तक 675 रुपये का टोल चुकाना होगा।
