Delhi Weather: दिल्ली में 'डेंजर लेवल' पर पहुंचा UV इंडेक्स, विशेषज्ञों ने कहा- 15 मिनट की धूप भी है खतरनाक
दिल्ली में मौसम सुहाना होने के बावजूद पराबैंगनी (यूवी) किरणों का सूचकांक आठ तक पहुंचने की आशंका है, जिससे त्वचा और आंखों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है।

15 मिनट की धूप भी पहुंचा सकती नुकसान (AI-Generated Image)
HighLights
दिल्ली में यूवी सूचकांक आठ तक पहुंचने की आशंका
बिना सुरक्षा 15-20 मिनट की धूप भी हानिकारक
त्वचा और आंखों के लिए सुरक्षा उपाय अपनाना आवश्यक
संजीव गुप्ता, जागरण। दिल्ली में वर्षा के बाद मौसम सुहाना है और तापमान भी बहुत अधिक नहीं है, लेकिन धूप से होने वाला खतरा कम नहीं हुआ है। पराबैंगनी (यूवी) किरणों का सूचकांक अगले दो दिन आठ तक पहुंच सकता है, जो बहुत अधिक श्रेणी में आता है।
ऐसे में धूप की तपिश कम महसूस होने के बावजूद त्वचा और आंखों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहेगा। विशेषज्ञों के अनुसार, बिना सुरक्षा उपायों के 15 से 20 मिनट तक तेज धूप में रहने से भी त्वचा प्रभावित हो सकती है।
दिल्ली में बुधवार का तापमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, पराबैंगनी किरणों का अधिकतम सूचकांक आठ रहने का अनुमान है। बृहस्पतिवार को इसमें कुछ गिरावट आ सकती है।
मौसम सुहाना होने या आसमान में बादल छाए रहने को यूवी किरणों से सुरक्षा की गारंटी नहीं माना जा सकता। राम मनोहर लोहिया अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मेश कुमार के अनुसार, यूवी सूचकांक आठ या इससे अधिक होने पर बिना सुरक्षा के धूप में रहने से त्वचा को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ जाता है।
स्किन के लिए 15 से 20 मिनट भी खतरनाक
संवेदनशील त्वचा वाले लोगों पर इसका असर कम समय में भी दिख सकता है, जबकि सामान्य त्वचा में भी 15 से 20 मिनट के असुरक्षित संपर्क से लालिमा और सूजन हो सकती है।
हालांकि, नुकसान का समय त्वचा के प्रकार, विकिरण की तीव्रता और धूप में बिताए समय पर निर्भर करता है। तेज यूवी किरणों से त्वचा में लालिमा, जलन, गर्माहट और दर्द हो सकता है। लंबे समय तक बार-बार असुरक्षित धूप में रहने से समय से पहले झुर्रियां, काले धब्बे और त्वचा कैंसर का खतरा भी बढ़ सकता है।
दोपहर की धूप से बचें, सनस्क्रीन लगाएं
विशेषज्ञों के अनुसार, सुबह 10 बजे से शाम चार बजे के बीच तेज धूप में ज्यादा देर रहने से बचना चाहिए। बाहर निकलने से 15 से 20 मिनट पहले एसपीएफ 50 और पीए प्लस वाला व्यापक सुरक्षा देने वाला सनस्क्रीन लगाना उपयोगी है।
इसे हर दो घंटे में और पसीना आने या चेहरा धोने के बाद दोबारा लगाना चाहिए। पूरी बांह के कपड़े, चौड़ी टोपी और यूवी सुरक्षा वाले धूप के चश्मे भी बचाव में मदद करते हैं। बादल छाए होने पर भी यूवी किरणें त्वचा तक पहुंच सकती हैं, इसलिए सुरक्षा उपायों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
