पीयूष गोयल ने किया व्यापार मेले का उद्घाटन, 14 से 18 नवंबर तक बिजनेस डेज; आम नागरिकों को कब मिलेगी एंट्री?
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत मंडपम में 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का उद्घाटन किया। इस मेले का आयोजन ...और पढ़ें

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल। फोटो-जागरण
HighLights
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने व्यापार मेले का उद्घाटन किया।
भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है।
मेले की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार देर शाम भारत मंडपम में 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी देश की प्रगति के लिए विकास के साथ अपनी विरासत और सांस्कृतिक पहचान को भी सहेजकर रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा, भारत आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और अपनी समृद्ध परंपराओं को भी आगे बढ़ा रहा है। मेले की थीम इसी सोच को प्रदर्शित करती है।
भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था
गोयल ने आगे कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। हमने अक्टूबर माह में रिकॉर्ड 19 बिलियन डॉलर का निर्यात किया है। यह हमारे निर्यात में ऐतिहासिक और मील का पत्थर साबित होगा। हाल ही में भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि महापर्व छठ पूजा के अवसर पर व्यापार मेले का शुभारंभ हो रहा है। यह मेला पूरे भारत की कहानी को देश-दुनिया के सामने रखने का माध्यम बनेगा।

उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी आकर्षण बढ़ाया। पद्मश्री माधवी मुद्गल और उनके समूह ने विशेष ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति दी। पारंपरिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने भारतीय कला और सांस्कृतिक विरासत की खूबसूरती को सामने रखा। इस अवसर पर भारत व्यापार संवर्धन संगठन के अध्यक्ष जावेद अशरफ सहित अन्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
कब से कब तक लगा है अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला?
गौरतलब है कि 14 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है। भारत की विकास यात्रा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक इस बार भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में देखने को मिलेगी।
इसमें देश-विदेश के 3500 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पादों, सेवाओं और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। 17 हाल में एक लाख वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में लगने वाले इस मेले में 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के अलावा 11 देशों की भागीदारी होगी।
मेले में इन राज्यों पर फोकस
मेले में बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश पार्टनर राज्य होंगे, जबकि असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस राज्यों के रूप में शामिल होंगे। ये राज्य अपने स्थानीय उद्योगों, हस्तशिल्प, पर्यटन, पारंपरिक उत्पादों और विकास योजनाओं को प्रदर्शित करेंगे।
भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का स्टॉल
मेले में इस बार प्लेवर्स@मंडपम नाम से डिजिटल मनोरंजन और शैक्षणिक गतिविधियों का विशेष अनुभव भी मिलेगा। 90 से अधिक आउटलेट वाले फूड कोर्ट में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। सात अलग-अलग स्थलों पर 87 सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इनमें शास्त्रीय और लोक संगीत के साथ मंगनियार सेडक्शन, सलिम-सुलेमान, हरिहरन एवं पृथ्वी गंधर्व जैसे कलाकारों की प्रस्तुतियां शामिल हैं। कुछ कार्यक्रमों में प्रवेश मेले के टिकट से होगा, जबकि चुनिंदा प्रस्तुतियों के टिकट बुकमाईशो पर उपलब्ध होंगे।
आम जनता की कब से होगी एंट्री?
मेले के शुरुआती पांच दिन यानी 14 से 18 नवंबर तक बिजनेस डेज होंगे। इस दौरान प्रवेश बीटूबी आगंतुकों के लिए आरक्षित रहेगा। आम लोगों के लिए मेला 19 नवंबर से 27 नवंबर तक खुलेगा। मेले का समय सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक रहेगा। आम दर्शकों को शाम 5:30 बजे तक प्रवेश मिलेगा।
टिकट ऑनलाइन, आइआइटीएफ के आधिकारिक मोबाइल एप और दिल्ली मेट्रो के 55 स्टेशनों पर उपलब्ध होंगे। सामान्य दिनों में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को वैध सरकारी पहचान पत्र दिखाने पर निशुल्क प्रवेश मिलेगा। दर्शकों के लिए दिल्ली मेट्रो, शटल सेवा, कैब और आटो के निर्धारित पिकअप प्वाइंट तथा पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।