DU दीक्षा समारोह में शाह की जगह पहुंचे पीयूष गोयल, छात्रों को दिया सफलता का मंत्र; अमिताभ-शाहरुख की दिलाई याद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के स्थान पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल दिल्ली विश्वविद्यालय के 103वें वार्षिक दीक्षा समारोह में शामिल हुए।
-1795160458752_m.webp)
दिल्ली विश्वविद्यालय के 103वें वार्षिक दीक्षा समारोह में मंच से बोलते केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल। लोकेश शर्मा - जागरण
HighLights
पीयूष गोयल ने अमित शाह की अनुपस्थिति में समारोह को संबोधित किया।
उन्होंने छात्रों को बड़े सपने देखने और सकारात्मक रहने की सलाह दी।
डीयू के पूर्व छात्रों अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान का जिक्र किया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के 103वें वार्षिक दीक्षा समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने का कार्यक्रम रद होने के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समारोह में पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी गृह मंत्री अमित शाह का इंतजार कर रहे थे। मुझे देखकर थोड़ी मायूसी हुई होगी।
उन्होंने बताया कि जरूरी कारणों के चलते अमित शाह समारोह में शामिल नहीं हो सके। इसके बाद पीयूष गोयल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मेरी पत्नी यहीं से पढ़ीं
पीयूष गोयल ने कहा, 'मेरी पत्नी यहां से पढ़ी हैं, इसलिए मेरा यहां से अधिक लगाव है। यहां से पढ़ने वाले बचे दुनिया में किसी भी स्थान पर चले जाए मात नहीं खाते हैं। यहां पढ़ने वाले बच्चों का एक अलग ही प्रभाव है। जो पूरे भारत में छाप छोड़ता है।'
मनु भाकर दो मेडल लेकर आईं
उन्होंने कहा, 'इस विश्विद्यालय की कामयाबी यहां के छात्रों से है। मैं पूरे भारत में बहुत सारे विश्विद्यालय में गया हूं लेकिन, यहां मिलने वाला अनुभव अलग प्रकार का जोश जगा रहा है। दिल्ली विश्वविद्यालय की बेटी मनु भाकर दो मेडल लेकर आई हैं।'
पीयूष गोयल ने बताया कि यहीं से अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान भी पढ़े हैं। इस विश्विद्यालय ने बड़े कलाकार और खिलाड़ी भी दिए हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि समय बेहद कम है, इसे बर्बाद न करें।
नाकामयाबी से न डरें: पीयूष गोयल
उन्होंने कहा कि देश तरक्की कर रहा है। आप भी विश्वविद्यालय के जरिए देश की तरक्की में साथ दें। बड़ा सोचें और बड़े सपने देखें। छोटे टारगेट सेट न करें। उन्होंने कहा कि नाकामयाबी से न डरें, एक बार जो ठान लें उसे पूरा करें।
पीयूष गोयल ने कहा कि हमेश सेल्फ स्टडी पर जोर दें। आगे जाकर यह आपको बड़ा अधिकारी बनाने में काम आता है। मुझे यकीन है कि यही से ही एक दिन प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति जरूर निकलेगा। सकारात्मक सोच देश को आगे लेकर जाती है, नकारात्मक लोग देश के लिए खतरा है।
मैंने 100 बार कहा है कि आप कोशिश करते रहिए, हार न माने। अपने लक्ष्य की तरफ बढ़ते रहे। 30 सेकंड की रील से अगर प्रभावित हो सकते हैं तो उसे सुनो। साथ ही देश के लिए लगातार प्रयास करो।
पीयूष गोयल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद कहते थे कि एक आइडिया आपके जीवन को बदल सकता है।हमेशा सीखते रहे और कभी ये न सोचे कि मुझे सबकुछ आता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों से लगातार संपर्क करते रहें। यही आपके जीवन को सही मार्ग दिखाते हैं। अगर आप स्वस्थ रहेंगे तभी कुछ कर दिखा पाएंगे। हमेशा शरीर को स्वस्थ रखें। कहा कि रात की पार्टी को इग्नोर करें, इससे सेहत पर फर्क पड़ता है।
उन्होंने कहा कि रात की पढ़ाई काम आती है लेकिन, ज्यादा देरी तक पढ़ने से दिमाग अस्वस्थ हो जाता है।जीवन में कुछ बनने के लिए त्याग करना पड़ता है। भगवान राम 14 वर्ष और पांडव 12 वर्ष वन में रहे।उनका त्याग ही उनकी कामयाबी का राज बना।
पीयूष गोयल ने कहा कि ईमानदारी, सच्चाई और एकाग्रता से ही सही मार्ग हासिल किया जा सकता है। ये नया भारत है, इसकी शक्ति युवाओ पर ही निर्भर है। स्टार्टअप पर भी युवा जोर दें, इससे देश के साथ खुद की भी तरक्की होती है। मैं हमेश से नए भारत का सपना लेकर चलता हूं, ये भारत बदल रहा है।
उन्होंने कहा कि पीएम गुलामी की मानसिकता को पीछे छोड़ना चाहते हैं। यह नया भारत है, यह अपना भविष्य खुद तय करेगा। विकसित देश संस्कृति पर जोर देते हैं। हमारे प्रधानमंत्री भी संस्कृति को बचाने में लगे रहते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।