दिल्ली के खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, पीतमपुरा में 99.52 करोड़ से बनेगा हाई-टेक स्पोर्ट्स हॉस्टल
दिल्ली के पीतमपुरा में करोड़ों रुपये की लागत से आधुनिक खेल छात्रावास और परिसर विकसित किया जाएगा। इसमें खिलाड़ियों के लिए आवास कौन-कौन सी सुविधाएं होंगी आइए जानते हैं।

सांकेतिक तस्वीर (AI-Generated image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पीतमपुरा में 2.75 एकड़ क्षेत्र में 99.52 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक खेल छात्रावास और खेल परिसर विकसित किया जाएगा। परियोजना में 412 खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था होगी। लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग छात्रावास बनाए जाएंगे।
परिसर को खिलाड़ियों को सालभर प्रशिक्षण की सुविधा देने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने का लक्ष्य अप्रैल 2027 रखा गया है।
परिसर में कौन-कौन सी सुविधाएं?
इस परिसर की सबसे प्रमुख सुविधा अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला ऑल-वेदर, तापमान नियंत्रित इनडोर स्वीमिंग पूल होगा। इसे तैराकी के उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। पूल में 50 मीटर और 25 मीटर की प्रतियोगिताओं के साथ वाटर पोलो और नियमित प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां भी कराई जा सकेंगी।
इसके अलावा, अभ्यास पूल और जिम्नास्टिक हॉल की सुविधा भी होगी। पीतमपुरा की इस परियोजना से खास तौर पर तैराकी और जिम्नास्टिक में प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों को आवास और प्रशिक्षण दोनों सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी।
छात्रावास भवनों जरूरी सुविधाएं उपलब्ध
खिलाड़ियों के रहने के लिए छात्रावास भवनों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें भोजन, मनोरंजन और प्रशिक्षण से जुड़ी सुविधाएं शामिल होंगी। परिसर में जिम, इनडोर खेल सुविधाएं, पानी और सीवेज की व्यवस्था, सौर ऊर्जा संयंत्र, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, सीसीटीवी, अग्निशमन और बिजली बैकअप जैसी व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।
मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में परियोजना
पीतमपुरा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। मुख्यमंत्री फरवरी 2026 में अपने विधानसभा क्षेत्र में पीतमपुरा स्थित जिला पार्क में विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। इस क्षेत्र में पिछले एक वर्ष के दौरान करीब 250 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उल्लेख भी किया गया था।
दिल्ली में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए यह अकेली बड़ी परियोजना नहीं है। दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के मुख्य परिसर का विकास भी चल रहा है, जिसमें खिलाड़ी छात्रावास, प्रशिक्षण केंद्र, खेल विज्ञान और अन्य अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं प्रस्तावित हैं। वहीं केंद्र की खेल अवसंरचना योजना के तहत 2026 में दिल्ली में कई अन्य खेल सुविधाओं के काम भी स्वीकृत हुए हैं।
